Van Rani Mini Toy Train: संजय गांधी नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी, 4 साल बाद आज से फिर शुरू होगी ‘वनरानी’ मिनी टॉय ट्रेन सेवा
मुंबई के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (SGNP) में पर्यटकों की पसंदीदा 'वनरानी' मिनी ट्रेन का आज उद्घाटन होने जा रहा है. वहीं दूसरी ओर, उद्यान प्रशासन और स्थानीय निवासियों के बीच भूमि अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है.
Van Rani Mini Toy Train: मुंबई के बोरीवली स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (Sanjay Gandhi National Park) में आने वाले पर्यटकों के लिए आज का दिन बेहद खास है. लंबे इंतजार के बाद उद्यान की प्रसिद्ध 'वनरानी' मिनी ट्रेन सेवा चार साल तक बंद करने के बाद आज, शनिवार 14 मार्च 2026 को आधिकारिक रूप से फिर से शुरू किया जा रहा है. यह ट्रेन सेवा पार्क के सबसे लोकप्रिय आकर्षणों में से एक रही है, जिसका उद्घाटन सुबह 11:30 बजे उद्यान के भीतर स्थित कृष्णागिरी स्टेशन पर होगा.
दिग्गजों की मौजूदगी में होगा उद्घाटन
उद्घाटन समारोह में कई प्रमुख हस्तियां शामिल होने वाली हैं. मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाईक मौजूद रहेंगे. इसके अतिरिक्त, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार और स्व-समूह पुनर्विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रवीण दरेकर भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे. यह ट्रेन सेवा बच्चों और प्रकृति प्रेमियों के लिए पार्क की हरियाली को करीब से देखने का एक अनूठा माध्यम है. यह भी पढ़े: First Block Train: इतिहास की पहली ब्लॉक ट्रेन फिनलैंड से चलकर भारत पहुंचेगी, हो चुकी है रवाना
भूमि अतिक्रमण को लेकर बढ़ता विवाद
एक तरफ जहां पार्क में उत्सव का माहौल है, वहीं दूसरी ओर बोरीवली पूर्व के अभिनव नगर के निवासियों ने उद्यान प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि SGNP प्रशासन उनकी सीमा से सटी लगभग 2250 वर्ग फुट जमीन पर कथित रूप से अतिक्रमण कर रहा है. निवासियों का कहना है कि यह काम उद्यान निदेशक और आईएफएस अधिकारी अनीता पाटिल के निर्देशों पर किया जा रहा है. यह मामला इतना बढ़ गया कि हाल ही में इसे महाराष्ट्र विधानसभा में भी उठाया गया, जहां कुछ जनप्रतिनिधियों ने निदेशक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
प्रशासन के भीतर भी तनातनी शुरू
अतिक्रमण विवाद के बीच SGNP निदेशक अनीता पाटिल ने उप निदेशक (दक्षिण) किरण पाटिल को 'कारण बताओ नोटिस' (Show-cause Notice) जारी किया है. नोटिस के अनुसार, अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने निवासियों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया को समय पर वन विभाग का पक्ष स्पष्ट नहीं किया. विभाग के सूत्रों का कहना है कि यदि उप निदेशक ने स्थिति को स्पष्ट करने में देरी न की होती, तो गलत जानकारी नहीं फैलती और विभाग की छवि धूमिल होने से बच सकती थी.
चार साल से बंद थी सेवा
चक्रवात से हुए नुकसान के कारण चार साल तक बंद रहने के बाद संजय गांधी नेशनल पार्क में लोकप्रिय ‘वनरानी’ मिनी टॉय ट्रेन एक बार फिर शुरू होने जा रही है. नई कोच, दुरुस्त किए गए ट्रैक और बेहतर प्राकृतिक नज़ारों के साथ 2.3 किलोमीटर लंबी यह सवारी पर्यटकों को पार्क के हरे-भरे जंगल के बीच खास अनुभव देगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 14, 2026 11:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

