देश की खबरें | मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने शाह से मुलाकात की

नयी दिल्ली, 27 जून हिंसा प्रभावित मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने मंगलवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इससे दो दिन पहले राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शाह से भेंट की थी।

करीब दो महीने पहले मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से लगभग 120 लोगों की मौत हो गई और 3,000 से अधिक लोग घायल हो गए। शाह के कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।’’

सिंह ने रविवार को शाह से मुलाकात के बाद कहा कि उन्होंने गृह मंत्री को मणिपुर में ‘‘जमीनी स्तर पर बदलती स्थिति’’ के बारे में जानकारी दी।

मेइती समुदाय की अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे की मांग के खिलाफ तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ आयोजित किए जाने के बाद मणिपुर में हिंसक झड़पें हुईं।

केंद्र सरकार ने मणिपुर में विभिन्न जातीय समूहों के बीच शांति स्थापित करने की प्रक्रिया और परस्पर विरोधी समूहों के बीच बातचीत शुरू करने के लिए राज्यपाल की अध्यक्षता में एक शांति समिति का गठन किया था। हालांकि, कई नागरिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने विभिन्न कारणों से शांति समिति का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया।

शाह ने भी पिछले महीने चार दिन के लिए राज्य का दौरा किया था और राज्य में शांति बहाल करने के अपने प्रयासों के तहत विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)