देश की खबरें | मणिपुर के भाजपा विधायक ने प्रशासनिक पद से इस्तीफा दिया; पार्टी शुक्रवार को करेगी बैठक

इंफाल, 20 अप्रैल मणिपुर से भाजपा विधायक पाओनम ब्रोजेन ने बृहस्पतिवार को मणिपुर डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष पद से ‘‘निजी आधार’’ पर इस्तीफा दे दिया।

राज्य में ब्रोजेन तीसरे पार्टी विधायक हैं जिन्होंने एक पखवाड़े के भीतर मणिपुर सरकार के अपने संबंधित प्रशासनिक पदों से इस्तीफा दे दिया है। खबरों के मुताबिक तीनों विधायक पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मिलने और अपनी शिकायतों के बारे में बताने के लिए वर्तमान में दिल्ली में हैं।

उनके कदमों से अटकलें लगाई जा रही हैं कि बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में असंतोष पनप रहा है।

ब्रोजेन ने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को लिखे पत्र में कहा है, ‘‘मैं निजी आधार पर मणिपुर डेवलपमेंट सोसाइटी इंफाल के अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा देता हूं। इसे कृपया स्वीकार किया जाए।’’

इससे पहले, भाजपा विधायक करम श्याम ने सोमवार को पर्यटन निगम मणिपुर लिमिटेड के अध्यक्ष पद से यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया कि उन्हें ‘‘कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है।’’

आठ अप्रैल को, पार्टी के एक अन्य विधायक थोकचोम राधेश्याम ने इसी तरह की शिकायत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री के सलाहकार पद से इस्तीफा दे दिया।

चौथे विधायक ख्वाइरकपम रघुमणि ने मणिपुर पुलिस में भाजपा के राज्य अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष अस्कर अली के खिलाफ एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से उन्हें ‘‘धमकी’’ देने की शिकायत दर्ज कराई है।

अली ने मणिपुरी में ‘‘दिल्ली की यह अंतिम यात्रा होनी चाहिए’’ कहते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष आवाज उठाने के लिए चारों विधायकों के कदम पर टिप्पणी की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)