देश की खबरें | मणिपुर: तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से तीन वर्षीय बच्ची की मौत, मां घायल

चुराचांदपुर, 30 जनवरी मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में बृहस्पतिवार को एक तेज रफ्तार ‘एसयूवी’ कार ने मां-बेटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई जबकि मां घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना अपराह्न करीब एक बजकर 50 मिनट पर थिंगकांगफाई के टेडिम रोड पर हुई।

पुलिस ने बताया कि बच्ची और उसकी मां सड़क किनारे चल रही थीं कि तभी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

पुलिस के मुताबिक, टक्कर के बाद कार उन्हें करीब 15 मीटर तक घसीटती हुई ले गयी और फिर सड़क किनारे एक चाय की दुकान व फिर एक बिजली के खंभे से जा टकराई।

पुलिस ने बताया कि मृतक बच्ची की पहचान एस्तेर लालचविकिम के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मां लालरेमरूअत को पैर टूटने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि महिला चंदेल जिले के हेब्रोन चकपीकरोंग की रहने वाली है लेकिन वह चुराचांदपुर के थिंगकांगफाई इलाके में रह रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)