देश की खबरें | भारतीय उच्चायोग पर हमले की आशंका के खिलाफ मालदीव ने त्वरित कार्रवाई की : विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली, 29 दिसंबर विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि माले में भारतीय उच्चायोग पर हमले की आशंका के खिलाफ मालदीव की सरकार ने त्वरित कार्रवाई की और सभी तरह के एहतियाती कदम उठाये जा रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने संवाददाताओं से कहा कि मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन की पार्टी से जुड़े एक विपक्षी नेता के 23 दिसंबर के ट्वीट में माले स्थित भारतीय उच्चायोग पर हमले की अपील किये जाने के बाद सभी तरह के एहतियाती कदम उठाये जा रहे हैं।

पूर्व में मालदीव की सरकार में आधिकारिक पद संभालने वाले अब्बास आदिल रीजा ने अपने ट्वीट में आरोप लगाया था कि आठ फरवरी 2012 को भारत के आदेश पर अड्डू शहर पर हमला एवं आगजनी हुई थी। इसी की पृष्ठभूमि में रीजा ने माले में भी भारतीय उच्चायोग पर हमला और आगजनी करने की अपील की थी।

मालदीव की सरकार ने इस धमकी से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस बारे में बागची ने कहा, ‘‘आपने मालदीव सरकार के बयान को देखा होगा, साथ ही वहां के विभिन्न दलों द्वारा इसकी निंदा किये जाने की बात भी देखी होगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने देखा है कि वहां की सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है तथा भारतीय उच्चायोग वहां की सरकार के सम्पर्क में है।’’

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)