देश की खबरें | महाराष्ट्र: मॉल के कैफेटेरिया में आग लगने के बाद चार दमकलकर्मी अस्पताल में भर्ती

ठाणे, 26 जून महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित एक मॉल में मल्टीप्लेक्स के कैफेटेरिया में आग बुझाने के अभियान के दौरान सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद चार दमकलकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। नगर निगम के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात की है।

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख अविनाश सावंत ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित मल्टीप्लेक्स के कैफेटेरिया में आग लग गई।

उन्होंने बताया, ''आग के आसपास के इलाके में फैलने से मल्टीप्लेक्स में दहशत का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए यहां-वहां दौड़ने लगे। दमकल की दो गाड़ियों और आरडीएमसी के दलों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के लिए अभियान शुरू किया। लगभग पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।''

उन्होंने कहा, पास की कुछ दुकानों को भारी नुकसान हुआ है।

सावंत ने कहा कि अभियान के दौरान तीन दमकलकर्मियों ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की, जबकि एक अन्य को घटनास्थल पर कांच के टूटे हुए टुकड़ों के कारण चोटें आईं।

अधिकारी ने बताया कि उन सभी को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)