मुंबई, 29 अगस्त महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में श्रीवर्धन तालुका के दो तटों से पानी में बहकर आए चरस के 44 अन्य पैकेटों को पुलिस ने मंगलवार को बरामद किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, इस बरामदगी के साथ ही पुलिस ने 27 अगस्त से रायगढ़ जिले में अलग-अलग सागर तटों से साढ़े चार करोड़ रुपये मूल्य की चरस के 107 पैकेट बरामद किए हैं।
अधिकारी ने बताया कि 44 पैकेटों में से 11 को श्रीवर्धन कोंदिवाली तट पर स्थानीय लोगों द्वारा देखा गया जबकि 33 पैकेट दीघा सागरी में दिवेआगर तट पर पानी में बहकर आए थे, जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
उन्होंने कहा कि इन पैकेटों पर 'अफगान उत्पाद' का लैबल लगा हुआ है और प्रतिबंधित वस्तु को जब्त कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने रविवार को श्रीवर्धन जीवाना तट से चरस के नौ पैकेट और सोमवार को दीघा सागरी व श्रीवर्धन मरल तट से 54 अन्य पैकेट बरामद किए थे, जिनका भार 62 किलोग्राम से अधिक था।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने एक खोज अभियान शुरू किया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इस तरह के और पैकेट तो पानी में बहकर रायगढ़ जिले में तटों पर नहीं आए हैं।
पुलिस के मुताबिक, श्रीवर्धन पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने लोगों से इस तरह के पैकेट दिखाई देने पर उन्हें सूचित करने की अपील की है। अधिकारी ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति यह प्रतिबंधित वस्तु को छिपाता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY