भोपाल, चार अगस्त मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को घोषणा की कि प्रदेश कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए चांदी की 11 ईंटें भेजेगी।
अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का शिलान्यास पांच अगस्त को होने वाला है।
कमलनाथ ने यहां अपने सरकारी निवास पर राम दरबार सजाकर हनुमान चालीसा के पाठ का आयोजन करने के बाद मीडिया से कहा, ‘‘हम राम मंदिर निर्माण के लिये प्रदेश की जनता की ओर से चाँदी की 11 ईंट :शिला: भेज रहे हैं। ये ईंट प्रदेश के नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सहयोग से चंदा एकत्रित कर खरीदे गये हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम राम मंदिर निर्माण का स्वागत करते हैं।’’
कमलनाथ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने वर्ष 1985 में इसकी शुरुआत की थी और वर्ष 1989 में उन्होंने इसका शिलान्यास किया था।
उन्होंने दावा किया, ‘‘राजीव गांधी जी के कारण ही राम मंदिर का सपना आज साकार हो रहा है। आज राजीव जी होते तो यह सब देखते।’’
कमलनाथ ने कहा कि भारत की संस्कृति सभी को जोड़ने वाली है। यहाँ विभिन्न एं एवं विभिन्न धर्मों के लोग रहते है। यह हमारी पहचान है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY