शिमला, 24 जून हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कहा कि सोलन जिले में हर साल राज्य स्तर पर आयोजित किए जाने वाले मां शूलिनी मेले को अगले साल से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
सुक्खू ने शुक्रवार को सोलन में तीन दिवसीय मेले का उद्घाटन किया और शूलिनी माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने इस अवसर पर मंदिर की वेबसाइट की शुरुआत की और स्मारिका जारी की।
यहां जारी बयान के मुताबिक सुक्खू ने कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश देवभूमि है जहां लोग विभिन्न देवताओं की पूजा करते हैं और उनकी उनमें गहरी आस्था है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला राष्ट्रीय स्तर का होने पर स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश बदलाव के दौर से गुजर रहा है और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सरकार अगले चार साल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने की कोशिश कर रही है।
इससे पहले सुक्खू ने सोलन में करीब 3.15 करोड़ रुपये की लागत से बने सैनिक विश्राम गृह का उद्घाटन किया।
गौरतलब है कि सोलन का नाम शूलिनी माता के नाम पर पड़ा है और हर साल जून में यहां मेले का आयोजन किया जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY