देश की खबरें | दिल्ली के उपराज्यपाल ने सीपी में पुराने पेड़ों की छंटाई का अभियान किया शुरू

नयी दिल्ली, 24 जून दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने शहर के कनॉट प्लेस (सीपी) इलाके में पुराने पेड़ों की छंटाई संबंधी नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अभियान की शुक्रवार को शुरुआत की।

राष्ट्रीय राजधानी में 30 मई को आई तेज आंधी और भारी बारिश के कारण लुटियंस दिल्ली में कम से कम 77 पेड़ उखड़ गए थे, जिसके बाद पुराने पड़ों की छंटाई के लिए एक अभियान चलाए जाने का फैसला किया गया।

सक्सेना ने ट्वीट किया, ‘‘आज सुबह, एनडीएमसी द्वारा सीपी में पुराने पेड़ों की वैज्ञानिक छंटाई के अभियान की शुरुआत की... ऐसे समय में यह अभियान चलाया गया, जब सड़क पर अधिक लोग नहीं होते, ताकि लोगों को इससे परेशानी ना हो। इससे पेड़ मजबूत होंगे और तूफान के दौरान इनकी शाखाओं के उखड़ने तथा गिरने का खतरा कम होगा।’’

एनडीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, 2015 से लुटियंस के दिल्ली क्षेत्र में 1,813 पेड़ कम हुए। अधिकारियों ने दावा किया कि 2015-16 और 2021-22 के बीच लगभग 300 धरोहर पेड़ गिर गए।

नीम, पीपल, पिलखान, जामुन, अर्जुन, खिरनी और इमली जैसी देशी वृक्ष प्रजातियों को एनडीएमसी क्षेत्र में तब लगाया गया था, जब ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लैंडसीर लुटियंस को 1911 में नई दिल्ली के लिए एक योजना तैयार करने का कार्य सौंपा गया था।

अधिकारियों ने कहा कि उपराज्यपाल ने मौजूद अधिकारियों को पूरे एनडीएमसी इलाके में यह छंटाई अभियान तीन महीने में पूरा कर लेने का निर्देश दिया और यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि यह काम सुबह चार से आठ बजे के बीच किया जाए ताकि लोगों को असुविधा न हो एवं यातायात अवरूद्ध न हो।

एनडीएमसी अधिकारी ने कहा, ‘‘ उन्होंने (उपराज्यपाल ने) कहा कि पेड़ों की छंटाई से न केवल उनकी उम्र बढ़ेगी बल्कि उनका सौंदर्य पहलू में सुधरेगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ उपराज्यपाल ने कहा कि पेड़ों की छंटाई से न केवल सड़कों पर दृश्यता बढ़ने में मदद मिलेगी बल्कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराध संभावित क्षेत्र हटेंगे एवं बाधारहित यातायात सुनिश्चित होगा। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)