देश की खबरें | लोथल परिसर भारत के समृद्ध समुद्री इतिहास का जश्न मनाने के संकल्प को दिखाता है : मोदी

अहमदाबाद, 18 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि अहमदाबाद के समीप लोथल में बन रहा राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर अपने समृद्ध समुद्री इतिहास का जश्न मनाने के देश के संकल्प को दिखाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत की समुद्री ताकत के प्रति लंबे समय तक गुलामी और उदासीनता के कारण हमने लोथल और धोलावीरा को भुला दिया तथा यह परिसर भारत के विविध समुद्री इतिहास के बारे में शिक्षा के एक केंद्र के रूप में काम करेगा।’’

प्रधानमंत्री इस परिसर के निर्माण की समीक्षा कने के बाद वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित कर रहे थे।

मोदी ने कहा, ‘‘सदियों पहले भारत का व्यापार-कारोबार दुनिया के एक बड़े हिस्से में छाया हुआ था। हमारे रिश्ते दुनिया की हर सभ्यता के साथ रहे, तो इसके पीछे भारत की समुद्री शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लंबे समय तक गुलामी ने न केवल भारत की इस क्षमता को तोड़ा बल्कि समय के साथ हम भारतीय भी इसके प्रति उदासीन होते चले गए। हम भूल गए कि हमारे पास लोथल तथा धोलावीरा जैसी बड़ी विरासत है जो समुद्री व्यापार के लिए प्रसिद्ध थीं।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘हमारे इतिहास में भी बड़े समुद्री साम्राज्य रहे हैं। इस विरासत के बारे में बहुत कम बात की गयी और इसे भुला दिया गया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)