नयी दिल्ली, एक जुलाई कयासों को बल देते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने बुधवार को बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को अक्षुण्ण बताने को लेकर पार्टी जिलाध्यक्ष को उनके पद से हटा दिया है। लोजपा ने कहा कि इस मामले पर अंतिम फैसला अध्यक्ष चिराग पासवान लेंगे।
पार्टी ने बयान में कहा कि वह मानती है कि किसी भी नेता को गठबंधन पर नहीं बोलना चाहिए क्योंकि अंतिम फैसला पासवान पर छोड़ा गया है।
पार्टी ने कहा कि बिहार के मुंगेर जिले के लोजपा अध्यक्ष राघवेंद्र भारती का बयान निर्देशों के विपरीत है और इसलिए उन्हें उनके पद से हटाया जाता है।
विधानसभा चुनाव के कुछ महीने पहले लोजपा द्वारा उठाए गए इस कदम से कयासों को बल मिला है।
यह भी पढ़े | दिल्ली के कैंट रेलवे लाइन से पास से कांस्टेबल का शव: 1 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
मौजूदा समय में लोजपा बिहार में भाजपा और जदयू की सहयोगी है।
उल्लेखनीय है कि पासवान, नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार की कई मुद्दों को लेकर आलोचना करते रहे हैं, लेकिन भाजपा पर प्रत्यक्ष हमले से बचते रहे हैं।
वह भाजपा नीत केंद्र सरकार की प्रशंसा करने में पीछे नहीं रहते। उनके पिता और लोजपा के संस्थापक राम विलास पासवान केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।
लोजपा पहले भी विचारधारा से अलग होने के बावजूद कई पार्टियों से गठबंधन कर चुकी है। वह वर्ष 2014 में भाजपा से गठबंधन करने से पहले लंबे समय तक कांग्रेस और लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के साथ भी रही थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY