देश की खबरें | नन्हें मेहमान के आने की खुशखबरी का इंतजार था, आयी बेटे की मौत की खबर
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मथुरा, आठ अगस्त यह महज संयोग ही है कि कैप्टन दीपक साठे के साथ दुबई से एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान लेकर कोझिकोड आए उनके सहयोगी पायलट अखिलेश शर्मा का घर का नाम भी दीपक है। यहां गोविंद नगर स्थित अखिलेश के घर में परिवार के सब लोग अगले कुछ दिनों में एक नए मेहमान के आगमन की उम्मीद को लेकर खुश थे लेकिन कोझिकोड में हुए हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

विमान हादसे में अखिलेश की मौत की सूचना से स्तब्ध उनके पिता तुलसीराम शर्मा ने बताया कि उनकी बहू (अखिलेश की पत्नी) मेघा गर्भवती है और अगले एक दो सप्ताह में कभी भी उनके घर नया मेहमान आ सकता है। शोक संतप्त परिवार को ढाढस बंधा रहे अखिलेश के मामा कमल शर्मा ने कहा, इन दिनों सभी लोग नए मेहमान के आगमन की तैयारियों पर ही चर्चा करते थे किसी को क्या पता था कि इस तरह की खबर सुननी पड़ेगी।

यह भी पढ़े | कोरोना के महाराष्ट्र में 12,822 नए मरीज पाए गए, 275 की मौत: 8 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा, परिवार के सभी सदस्यों को जानकारी थी कि अखिलेश इस विमान को लेकर दुबई से कोझिकोड होते हुए कालीकट पहुंचे रहे हैं। शुक्रवार की रात करीब पौने आठ बजे जब इस हादसे की जानकारी परिजनों को जब मिली तो वे उनकी स्थिति को लेकर बेहद आशंकित हो गए थे।

कमल शर्मा ने बताया कि अखिलेश के बहनोई संदीप व छोटा भाई भुवनेश रात में ही कोझिकोड रवाना हो गए थे। आज सुबह उन्होंने जब अखिलेश के निधन का समाचार दिया तो मानो परिवार पर पहाड़ टूट गया। तभी से पूरे परिवार व आसपास के मौहल्ले में मातम छा गया है। उनकी मां यह समाचार सुनकर सकते में हैं। उनकी हालत खराब है। जबकि उनकी पत्नी को तो अभी तक यह जानकारी ही नहीं दी गई है।

यह भी पढ़े | Assam Child Kidnapping Case: फिरौती के लिए अगवा किए गए बच्चे की हत्या मामले में 3 गिरफ्तार.

उन्होंने कहा, किसी को भी इस बात का विश्वास नहीं हो पा रहा था कि अखिलेश अब कभी भी वापस नहीं आएगा।

मूलत: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के हाईवे क्षेत्र के गांव मोहनपुर-अड़ूकी निवासी तुलसीराम शर्मा से इन दिनों गांव छोड़कर शहर में थाना गोविंद नगर क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के निकट गोविंद नगर ‘बी’ सेक्टर में रहने लगे हैं। अखिलेश के परिवार में उनकी मां बाला देवी, पिता तुलसी राम शर्मा, पत्नी मेघा, एक विवाहित बड़ी बहन डॉली, दो छोटे भाई भुवनेश व लोकेश शर्मा शामिल हैं। अखिलेश की शादी दो वर्ष पूर्व धौलपुर के एक परिवार की लड़की से हुई थी।

तुलसीराम के मुताबिक, अखिलेश बचपन से ही पायलट बनना चाहता था। उन्होंने बताया, ‘‘उसने अमरनाथ विद्या आश्रम से 10 प्लस 2 की शिक्षा पूर्ण करने के बाद एविएशन इंजीनियरिंग का मार्ग चुना और दिसम्बर, 2017 में एअर इंडिया में नौकरी शुरू की। इन दिनों वे भारत सरकार की कोविड-19 के तहत ‘वन्दे भारत मिशन’ में विदेश में बसे भारतीय नागरिकों को देश में उनके शहरों तक पहुंचाने के काम में जुटे हुए थे। इसी क्रम में वे शुक्रवार को दुबई हवाई अड्उे से कुल 190 (क्रू मेम्बर्स सहित) यात्रियों को लेकर कोझिकोड होते कालीकट की उड़ान पर थे कि यह हादसा हो गया।’’

शर्मा ने बताया, ‘‘अखिलेश का जन्म 1988 में हुआ था। अखिलेश को घर में दीपक नाम से ही बुलाया जाता था। उसने जीवन में पायलट बनने के सिवा और किसी व्यवसाय के बारे में सोचा भी नहीं था। लेकिन अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस प्रकार अपनी जान दे देगा, यह नहीं मालूम था।’’

तुलसीराम ने बताया, ‘‘दोपहर में जब कोझिकोड बात हुई थी तो अखिलेश के शव का पोस्टमॉर्टम हो रहा था। संभव है रात में किसी समय वे (उसके बहनोई व छोटा भाई) शव को लेकर यहां पहुंचे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)