देश की खबरें | दमोह उपचुनाव के लिए भाजपा एवं कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची जारी

भोपाल, 30 मार्च मध्य प्रदेश की दमोह विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए सत्तारूढ़ भाजपा एवं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने मंगलवार को अपने 30-30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है।

इसके साथ ही स्टार प्रचारकों की सूची को लेकर दोनों दलों के बीच शब्द युद्ध शुरू हो गया है।

कांग्रेस ने पिछले साल कमलनाथ की सरकार गिराने में अहम भूमिका निभाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा, जबकि भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची से स्पष्ट होता है कि इस पार्टी में गुटबाजी है और अंदरूनी लड़ाई चल रही है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने बताया, ‘‘भाजपा की स्टार प्रचारकों की सूची में सिंधिया को 10वें स्थान पर जगह दी गई है। पिछले साल नवंबर में प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए भी सिंधिया को 10वें स्थान पर जगह मिली थी। भाजपा उन्हें (सिंधिया को) दस नंबरी साबित कर रही है।’’

वहीं, प्रदेश भाजपा सचिव एवं प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने दावा किया कि कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची से पता चलता है कि इस पार्टी में गुटबाजी है।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की सूची में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह को शामिल नहीं किया है। इसके अलावा, कांग्रेस की इस सूची में प्रदेश के पूर्व मंत्रियों विजयलक्ष्मी साधौ एवं बृजेन्द्र सिंह और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति को भी जगह नहीं दी गई है। ये सभी मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने कमलनाथ को ही नेता प्रतिपक्ष बनाया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे साबित होता है कि कांग्रेस में गुटबाजी है और अंदरूनी लड़ाई चल रही है।’’

मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकन्द्र पाराशर ने बताया कि दमोह उपचुनाव के लिए भाजपा की 30 स्टार प्रचारकों की सूची में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती शामिल हैं।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने बताया कि कांग्रेस महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक द्वारा जारी इस सीट के लिए 30 स्टार प्रचारकों की सूची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्रीगण अरूण यादव, सुरेश पचौरी एवं कांतीलाल भूरिया शामिल हैं।

इसी बीच ,भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की उपस्थित में दमोह विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया।

इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन पहले ही पर्चा दाखिल कर चुके हैं । इस सीट पर इन दोनों दलों के बीच मुख्य मुकाबला है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)