नयी दिल्ली, 10 अंगस्त जम्मू कश्मीर के नव नियुक्त उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की और उनके साथ भविष्य की योजनाओं तथा आने वाले महीनों में केंद्र शासित प्रदेश में जनता से संपर्क साधने के लिये चलाए जाने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की।
दोनों नेताओं के बीच यह बैठक दो घंटे तक चली। इस दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री सिंह ने सिन्हा को जम्मू कश्मीर में हाल में शुरू की गई राष्ट्रीय महत्व की विकास परियोजनाओं से अवगत कराया ।
केंद्र शासित क्षेत्र के रहने वाले सिंह ने इस बैठक को विभिन्न मुद्दों पर विचारों का अच्छा आदान-प्रदान करार दिया।
सिंह ने कहा कि वह मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में सिन्हा के साथ काम कर चुके हैं और इसलिये एक दूसरे से साझा करने के लिये बहुत कुछ है ।
एक प्रेस विज्ञप्ति में यहां बताया गया कि सिन्हा ने भविष्य की कुछ योजनाओं के बारे में चर्चा की। इसके अलावा दोनों ने आने वाले सप्ताहों एवं महीनों में केंद्र शासित प्रदेश में जनता से संपर्क साधने के लिये चलाए जाने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा की।
उपराज्यपाल ने कहा कि वह जम्मू कश्मीर के लाभ एवं विकास के लिये केंद्र सरकार के साथ नजदीकी समन्वय स्थापित करेंगे।
शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल का कार्यभार संभालने के बाद सिन्हा का यह पहला दिल्ली दौरा है। सिन्हा ने जी सी मुर्मू का स्थान लिया है, जिन्हें देश का नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक नियुक्त किया गया है।
सिंह ने कहा कि बिजली एवं सिंचाई से संबंधित ज्यादातर बड़ी परियोजनाओं को पिछले एक साल में मंजूरी दे दी गयी है और कुछ अन्य परियोजनाओं को जल्द ही मंजूरी दी जायेगी।
श्रीनगर के कोविड—19 अस्पतालों का दौरा करने के सिन्हा के निर्णय की प्रशंसा करते हुये केंद्रीय मंत्री ने कहा केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन की सलाह पर श्रीनगर और जम्मू के सभी बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन टैंकों की व्यवस्था की गई है।
सिंह ने हालांकि यह स्पष्ट किया कि जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख में आक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति की जा रही है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY