खेल की खबरें | लियोन ने भारत-आस्ट्रेलिया श्रृंखला को एशेज के बराबर आंका

मेलबर्न, 24 जून आस्ट्रेलिया के स्टार आफ स्पिनर नाथन लियोन ने बुधवार को कहा कि भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला एशेज के बराबर है और दिसंबर में उनकी टीम 2018-19 श्रृंखला की हार का बदला चुकता करने के लिए पूरी जान लगा देगी।

भारत ने आस्ट्रेलिया को 2018-19 में हुई पिछली श्रृंखला में 2-1 से हराया था और यह 71 साल में पहला मौका था जब टीम इंडिया ने आस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला जीती थी।

यह भी पढ़े | 24 जून का इतिहास: भारतीय क्रिकेट टीम ने बनाया न्यूनतम स्कोर का रिकार्ड, जानें इस तारीख से जुड़ीं अन्य ऐतिहासिक घटनाएं.

लियोन ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया के फेसबुक पेज पर वीडियो में संवाददाताओं से कहा, ‘‘निश्चित तौर पर जब आप आस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हैं तो मैच या श्रृंखला हारना नहीं चाहते। बेशक कुछ साल पहले भारत ने हमें पछाड़ दिया था। इसलिए इस बार हम उनके यहां आने का इंतजार कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह एशेज के साथ शीर्ष स्तर की श्रृंखला है। बेशक उनकी टीम सुपरस्टार खिलाड़ियों से भरी है और जब इन गर्मियों में वे यहां आएंगे तो यह शानदार चुनौती होगी।’’

यह भी पढ़े | इंग्लैंड दौरे से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका, क्रिकेटर मोहम्मद हफीज, वहाब रियाज समेत 7 और खिलाड़ी पाए गए कोरोना पॉजिटिव.

लियोन उस आस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे जिसे 2018-19 में घरेलू टेस्ट श्रृंखला में हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने उस समय पहली बार आस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टेस्ट श्रृंखला जीती थी।

भारत को इस साल चार टेस्ट की श्रृंखला के लिए आस्ट्रेलिया का दौरा करना है जिसकी शुरुआत तीन दिसंबर को ब्रिसबेन में होगी।

बत्तीस साल के लियोन पिछले 10 साल से आस्ट्रेलिया के शीर्ष स्पिनर हैं लेकिन यह पहला अवसर है जब उन्हें सत्र पूर्व ब्रेक मिला है और इसका कारण कोरोना वायरस महामारी है।

आगामी टेस्ट श्रृंखला के दौरान लियोन के भारत को कड़ी चुनौती पेश करने की उम्मीद है लेकिन यह गेंदबाज महामारी के कारण ठप्प पड़े क्रिकेट की बहाली को लेकर निश्चित नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें पता है कि अंतत: मैचों का आयोजन होगा। हम अच्छी तैयारी कर रहे हैं और घर में बिताए समय का लुत्फ उठा रहे हैं।’’

लियोन ने कहा कि वह अगले महीने ‘जैविक रूप से सुरक्षित’ वातावरण में हो रही इंग्लैंड-वेस्टइंडीज टेस्ट श्रृंखला पर करीबी नजर रखेंगे।

इस आफ स्पिनर ने कहा, ‘‘मैं सुनिश्चित करूंगा कि टीवी पर मैच देख पाऊं। मैं अलग-अलग खिलाड़ियों को देखूंगा कि वे अपना काम कैसे कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अंतत: कुछ क्रिकेट देखने को लेकर उत्सुक हूं, मुझे अब इसका अहसास होने लगा है, यह काफी रोमांचक है।’’

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने गेंद पर लार के इस्तेमाल को प्रतिबंधित कर दिया है और ऐसे में लियोन ने मजाकिया लहजे में कहा कि वह देख सकते हैं कि क्रिकेट दोबारा शुरू होने पर स्पिनर टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजी की शुरुआत करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘आपको गेंद पर लार लगाने की स्वीकृति नहीं होगी इसलिए मुझे लगता हे कि स्पिनर गेंदबाजी की शुरुआत कर सकते हैं।’’

लियोन ने कहा, ‘‘यह रोचक होगा। कोविड-19 के जाने के बाद उम्मीद करता हूं कि स्थिति पहले जैसी हो जाएगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)