सबरीमला (केरल), 26 जुलाई सबरीमला के प्रसिद्ध भगवान अयप्पा मंदिर की स्वर्ण आवरण वाली छत में रिसाव पाया गया है जिसके बाद मंदिर प्रशासन ने यथाशीघ्र उसकी मरम्मत कराने का फैसला किया है।
त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) ने मंगलवार को कहा कि इस रिसाव का आकलन करने के लिए स्वर्ण आवरण वाली छत के संबंधित हिस्से को तीन अगस्त को खोला जाएगा।
बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि गर्भगृह के बाये कोने में यह रिसाव हो रहा है लेकिन यह कोई बड़ा रिसाव नहीं है।
उन्होंने कहा कि हाल में ‘द्वारपालक’ की मूर्तियों के ऊपर पानी टपकता हुआ पाया गया जिसकी सूचना मंदिर के ‘तांत्री’ (मुख्य पुरोहित) कंडारारू राजीवारू को दी गयी और फिर उन्होंने मरम्मत की अनुमति दी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ स्वर्ण आवरण वाली छत के संबंधित हिस्से को तीन अगस्त को खोलने एवं उसका आकलन करने का फैसला किया गया है। उसके बाद ही हम रिसाव की सीमा को समझ सकते हैं।’’
उन्होंने यह भी कहा कि मरम्मत कार्य का पूरा खर्च टीडीबी उठाएगा।
टीडीबी ही इस मंदिर का प्रबंधन संभालता है। इस मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY