देश की खबरें | ठाणे में बीपीसीएल की डीजल पाइपलाइन में रिसाव, पाइपलाइन अस्थायी रूप से बंद

ठाणे (महाराष्ट्र), 22 दिसंबर राष्ट्रीय तेल शोधक कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (बीपीसीएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुंबई और मनमाड जिले को जोड़ने वाली उसकी पाइपलाइन में रिसाव ईंधन चोरी की नाकाम कोशिश के कारण हुआ है।

बृहस्पतिवार सुबह ठाणे शहर के पास शील फाटा इलाके में एक गिरोह के सदस्यों ने ईंधन चोरी की कोशिश की थी जिसके कारण पाइपलाइन में मामूली रिसाव हुआ और बीपीसीएल को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

बीपीसीएल के प्रवक्ता ने कहा कि पाइपलाइन अब ठीक है और पूरी तरह से कार्य कर रही है।

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख अविनाश सावंत ने कहा कि ठाणे के पास शील फाटा में एक गैस गोदाम के निकट 18 इंच की उच्च दाब वाली पाइपलाइन में रिसाव सुबह करीब पांच बजकर 21 मिनट पर शुरू हुआ और इलाके में तेल फैल गया।

अधिकारी ने कहा कि मरम्मत कार्य के लिए पुलिस ने इलाके को घेर लिया। घटना के बाद नवी मुंबई से तुर्भे पुलिस, स्थानीय दमकलकर्मी और बीपीसीएल की एक टीम मौके पर पहुंची और लीकेज को भरने का काम शुरू किया।

यह 252 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन है जो मुंबई और मनमाड को जोड़ती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)