देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश में बारिश से भूस्खलन,जनजीवन प्रभावित

ईटानगर, पांच अप्रैल अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मानसून की बारिश के कारण भूस्खलन हुआ ,जिससे सड़क संपर्क कट गया और सामान्य जनजीवन बाधित हो गया।

अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच दिनों में इस पूर्वोत्तर राज्य में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है और मौसम कार्यालय ने अगले 48 घंटों में और बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में 15 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हुई है।

राज्य में लगातार बारिश के चलते राजधानी ईटानगर के कई स्थानों पर भूस्खलन हुए, जिससे कमजोर इमारतों के लिए खतरा पैदा हो गया है।

उपायुक्त तालो पोरोम ने जोखिम वाले क्षेत्रों में रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है।

अधिकारियों ने कहा कि बारिश के कारण कई पुल ढह गए हैं,वहीं चीन की सीमा के पास बसे अन्जॉ जिले में सड़कें बह गईं। नामसाई, चांगलांग और तिरप जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति की सूचना है।

लोहित जिला प्रशासन ने भी खराब मौसम के मद्देनजर अन्जॉ की यात्रा करने से बचने के लिए यातायात परामर्श जारी किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)