देश की खबरें | देश में कोविड-19 की स्थिति सुधर नहीं रही, बल्कि खराब हो रही है: न्यायालय
जियो

नयी दिल्ली, 16 जून उच्चतम न्यायालय ने नशीली दवाओं का कारोबार करने के आरोपी पंजाब के एक कारोबारी की पैरोल की अवधि बढ़ाते हुये मंगलवार को कहा कि देश में कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है बल्कि दिन प्रतिदिन स्थिति और खराब होती जा रही है।

शीर्ष अदालत ने एक फौजदारी मामले में आरोपी जगजीत सिंह चहल के आवेदन पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। इस आरोपी ने अपनी पैरोल की अवधि एक महीने बढ़ाने का अनुरोध किया था।

यह भी पढ़े | Rajya Sabha polls 2020: झारखंड में राज्यसभा चुनाव में जीत को लेकर बीजेपी आश्वस्त.

न्यायमूर्ति आर एफ नरीमन, न्यायमूर्ति नवीन सिन्हा और न्यायमूर्ति बी आर गवई की पीठ ने इस आरोपी के आवेदन पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सुनवाई के दौरान कहा कि जब कुछ आरोपी जमानत पर तो कुछ पैरोल पर हों तो ऐसे हालात में जेलों में अधिक भीड़ करने का कोई मतलब नहीं है।

पीठ ने जगजीत सिंह चहल के आवेदन का विरोध कर रहे पंजाब सरकार के वकील की दलील के दौरान कहा, ‘‘आप देखिये, कोविड-19 की स्थिति प्रत्येक गुजरते दिन के साथ अच्छी नहीं हो रही है। देश में यह खराब ही हो रही है।’’

यह भी पढ़े | कोरोना के धारावी में 21 नए मामले पाए. अब तक कोविड-19 से 77 लोगों की जान चुकी है मौत : 16 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पीठ ने पंजाब सरकार के हलफनामे के अवलोकन के बाद कहा कि आरोपी को 19 फरवरी को इस मामले में जमानत दी गयी थी और उसकी अपील 16 जुलाई को सुनवाई के लिये सूचीबद्ध है।

पीठ ने अपने आदेश में कहा, ‘‘पैरोल की अवधि अपील पर सुनवाई होने और अंतिम फैसला होने तक जारी रहेगी बशर्ते याचिकाकर्ता सहयोग करे और अपील सुनवाई के लिये आने पर किसी भी वजह से सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध नहीं करे। ’’

पंजाब का प्रमुख कारोबारी चहल राज्य में नशीले पदार्थों का धंधा करने के आरोप के अलावा धन शोधन के मामले में भी आरोपी है।

न्यायालय ने पिछले महीने ही चहल की याचिका पर पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया था।

अनूप

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)