जरुरी जानकारी | केरल के दुग्ध ब्रांड मिल्मा की बिक्री चुनौतियों के बावजूद बढ़ीः चेयरमैन

तिरुवनंतपुरम, 21 जून केरल सहकारी दुग्ध विपणन संघ (केसीएमएमएफ) के कारोबारी ब्रांड ‘मिल्मा’ ने बुधवार को कहा कि वह अन्य सहकारी दुग्ध ब्रांडों की तरफ से पेश चुनौतियों के बावजूद प्रभावशाली बिक्री स्तर हासिल करने में सफल रही है।

कर्नाटक के लोकप्रिय दुग्ध ब्रांड ‘नंदिनी’ के दूध एवं अन्य डेयरी उत्पादों के हाल में केरल के बाजार में प्रवेश करने पर मिल्मा के चेयरमैन के एस मणि ने कहा कि ऐसी चुनौतियों के बावजूद केरल स्थित यह कंपनी बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करने में सक्षम रही है।

उन्होंने कहा कि यह ‘‘बेहद परेशान करने वाला’’ है कि कुछ राज्यों के डेयरी संघ ‘‘सहयोगी संघवाद के दुरुस्त सिद्धांतों और सर्वोत्तम प्रथाओं द्वारा निर्धारित सीमाओं का उल्लंघन कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, "यह पूरे देश में डेयरी किसानों के हितों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाएगा। मिल्मा ने पहले ही इस प्रवृत्ति के बारे में गंभीर चिंता व्यक्त की है, जिसे सामूहिक प्रयासों से रोकने की जरूरत है।’’

मणि ने एक बयान में कहा कि अपनी गुणवत्ता और अनूठी विपणन रणनीतियों के दम पर मिल्मा ने अगस्त-दिसंबर 2022 के 15.95 लाख लीटर के मुकाबले 2023 के पहले पांच महीनों में दैनिक औसतन 16.27 लाख लीटर दूध की बिक्री की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)