देश की खबरें | केरल पुलिस ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, पार्टी नेताओं ने सरकार की कार्रवाई की निंदा की

कोच्चि, 21 फरवरी केरल में विपक्षी कांग्रेस ने मंगलवार को कलामसेरी में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस की कथित ज्यादती की कड़ी निंदा की।

कांग्रेस ने राज्य सरकार को चेतावनी दी और कहा कि अगर कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन स्थल से खदेड़ने के लिए ‘क्रूरतापूर्वक हमला’ करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी राज्य के बजट में कर प्रस्तावों पर अपने विरोध को तेज करेगी।

राज्य के बजट में ईंधन उपकर और अन्य कर प्रस्तावों को वापस लेने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस द्वारा निकाला गया मार्च हिंसक हो गया, जिसमें संगठन के कई कार्यकर्ता तथा कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारी बिना किसी उकसावे के हिंसक हो गए, जबकि पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों द्वारा बिना किसी कारण के उन्हें बेरहमी से पीटा गया।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक शफी परम्बिल तथा डीसीसी अध्यक्ष मोहम्मद शियास ने बाद में कलामसेरी में स्थानीय पुलिस थाने के सामने धरना दिया और उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिन्होंने उनके कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया था।

विधायक उमा थॉमस और टीजे विनोद थाने पहुंचे और बाद में पुलिस अधिकारियों से चर्चा की।

इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने आरोप लगाया कि 150 से अधिक पुलिसकर्मियों ने बिना किसी उकसावे के ईंधन उपकर का विरोध कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)