देश की खबरें | केरल विमान हादसा: मृतकों के परिवारों को दस-दस लाख रुपये मुआवजे देगी राज्य सरकार
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोझिकोड (केरल), आठ अगस्त केरल सरकार ने यहां के कारीपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान के उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शनिवार को मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने यहां उच्च स्तरीय बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि हादसे में करीब 18 लोगों की मौत हो गई और 149 घायलों का मलप्पुरम एवं कोझिकोड जिले के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बैठक में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने भी हिस्सा लिया।

यह भी पढ़े | मुंबई के धारावी में कोरोना के 8 नए मामले पाए गए, इलाके में कुल 83 केस एक्टिव: 8 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

विजयन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य सरकार ने मृतकों के परिजन को दस लाख रुपये बतौर मुआवजा देने का निर्णय किया है। जिन लोगों का उपचार चल रहा है उनका चिकित्सा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।’’

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन 18 लोगों की मौत हुई है, उनमें 14 वयस्क हैं और चार बच्चे हैं।

यह भी पढ़े | Coronavirus in India: कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच रिकवरी रेट में सुधार जारी, देशभर में 14.2 लाख से ज्यादा लोग हुए ठीक, मृत्यु दर 2.04 फीसदी.

विजयन ने कहा, ‘‘14 वयस्कों में सात पुरुष और अन्य महिलाएं हैं। वर्तमान में मलप्पुरम और कोझिकोड जिले के विभिन्न अस्पतालों में 149 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें 23 की हालत गंभीर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे पहले 23 लोगों को प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई।’’

विजयन ने यह भी कहा कि यदि कोई और सहायता की आवश्यकता होती है, तो राज्य सरकार उसके लिए पूरी तरह से तैयार है।

इनमें तमिलनाडु और तेलंगाना के भी कुछ यात्री हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम प्रक्रिया को कोविड-19 खतरे के बावजूद तेज कर दिया गया है और शाम से पहले खत्म होने की उम्मीद है।’’

विजयन ने कहा, ‘‘दुर्घटना में मारे गए लोगों सहित सभी दुर्घटना पीड़ितों की कोविड-19 जांच की जाएगी। अब तक, केवल एक यात्री को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है।’’

मुख्यमंत्री ने हवाईअड्डे के आसपास के इलाकों में रहने वाले स्थानीय लोगों की त्वरित प्रतिक्रिया की भी सराहना की।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के साथ विजयन शनिवार सुबह कोझिकोड पहुंचे। उनके साथ कई मंत्री, मुख्य सचिव और राज्य के पुलिस प्रमुख थे।

खान ने दुर्घटना के शिकार हुये लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)