देश की खबरें | केरल : धान के खेत में खेलने पर पड़ोसी ने तीन नाबालिग आदिवासी बच्चों को पीटा

वायनाड (केरल), 16 अगस्त केरल के वायनाड जिले में धान के खेत में खेलने पर एक व्यक्ति ने आदिवासी समुदाय के तीन नाबालिग बच्चों की कथित तौर पर पिटाई कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना 15 अगस्त को सुल्तान बथेरी के पास केनिचिरा थाना क्षेत्र में हुई जब छह साल के दो और एक सात साल का लड़का पड़ोसी के धान के खेत में खेल रहे थे।

पुलिस ने बताया, पड़ोसी राधाकृष्णन (40) ने बच्चों को धान के खेत में उनके बंडलों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में छड़ी से कथित तौर पर पीटा था।

पुलिस ने बताया कि घटना का पता तब चला जब बच्चे नजदीकी चिकित्सा केंद्र में इलाज करवाने गए। हालांकि, बच्चों की हालत गंभीर नहीं है।

अस्पताल प्रशासन से मिली सूचना के बाद पुलिस ने एक बच्चे की मां के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया। उस पर एससी/एसटी अत्याचार अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 324 (स्वेच्छा से खतरनाक हथियारों या साधनों से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मनांथावडी के उपाधीक्षक ए.एस. चंद्रन के नेतृत्व में एक पुलिस दल मामले की जांच कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)