मलप्पुरम (केरल), 17 अगस्त मलप्पुरम जिले के एक सरकारी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में एक छात्र के कथित रूप से वी डी सावरकर की तरह तैयार होकर भाग लेने पर विवाद छिड़ गया।
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की युवा शाखा मुस्लिम यूथ लीग और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कीझूपरम्बा में सरकारी व्यावसायिक उच्च माध्यमिक विद्यालय की ओर विरोध मार्च निकाला और बच्चे को सावरकर की वेशभूषा में तैयार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
समाचार चैनलों के कार्यक्रमों में कुछ धुंधली तस्वीरें प्रसारित की गईं, जिसमें छात्र सावरकर समेत अन्य स्वतंत्रता सेनानियों की तैयार हुए दिख रहे हैं।
समारोह में स्वतंत्रता सेनानी की तरह तैयार हुए एक बच्चे की पोशाक पर वी डी सावरकर लिखा था। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विवाद खड़ा हुआ।
स्थानीय मीडिया ने बताया कि यह तस्वीर उस कक्ष से ली गई, जहां छात्र तैयार हो रहे थे, लेकिन विवाद उठने की आशंका के कारण बच्चे की पोशाक से सावरकर का नाम हटा दिया गया।
स्कूल प्राधिकारियों ने विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY