देश की खबरें | केजरीवाल ‘झूठ का विश्वविद्यालय’ चला रहे हैं: दिल्ली भाजपा प्रमुख आदेश गुप्ता

नयी दिल्ली, 16 सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ‘झूठ का विश्वविद्यालय’ चला रहे हैं।

गुप्ता का यह बयान आप के इस दावे के बाद आया है, जिसमें उसने दावा किया था कि दिल्ली नगर निगम कूड़े के निपटान के लिये यहां 16 और ‘लैंडफिल स्थल’ बनाने पर विचार कर रहा है।

इससे पहले केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि भाजपा दिल्ली को ‘कूड़ों के पहाड़ के शहर’ में तब्दील करना चाहती है और दावा किया था कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 16 और लैंडफिल स्थल बनाने की योजना है।

करीब 15 वर्षों तक सत्तासीन रही भाजपा ने पलटवार किया और केजरीवाल एवं उनके विधायकों पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया।

इस साल मई में तीनों नगर निगमों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद केंद्र सरकार ने उनका एकीकरण कर दिया था। आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा तब से इस मुद्दे पर वाक्युद्ध में उलझी हुई है।

केजरीवाल ने कहा कि वतर्मान तीन लैंडफिल स्थलों के करीब रह रहे लोग पहले से ही बदबू एवं अस्वास्थ्यकर स्थितियों समेत कई समस्याओं से जूझ रहे हैं । उन्होंने कहा कि लोग यहां कूड़े के किसी और ढेर के बिल्कुल विरूद्ध हैं।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पार्टी विधायक दुर्गेश पाठक समेत कई आप नेताओं ने यह दावा करते हुए भाजपा पर प्रहार किया कि शहर में और 16 लैंडफिल स्थल बनाने की योजना है।

गुप्ता ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘केजरीवाल अपनी पार्टी के नेताओं एवं विधायकों को झूठ फैलाने एवं लोगों को गुमराह करने में प्रशिक्षित करने के लिए झूठ का विश्वविद्यालय चला रहे हैं।’’

गुप्ता ने कहा, ‘‘उन्होंने दावा किया था कि आप विधायकों को उनकी सरकार को गिराने के लिए 20-20 करोड़ रुपये की पेशकश की गयी थी, लेकिन वह झूठ साबित हुआ, क्योंकि न तो केजरीवाल और न ही उनकी पार्टी का कोई व्यक्ति यह बता पाया कि किसने विधायकों को धन की पेशकश की थी।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा और लोगों ने भी केजरीवाल एवं उनकी पार्टी से उनकी सरकार के शराब घोटाले को लेकर सवाल पूछे, लेकिन वह झूठ फैलाकर लोगों का ध्यान भटका रहे हैं।

गुप्ता ने कहा कि एमसीडी ने केंद्र सरकार की मदद से गाजीपुर, ओखला और भलस्वा में तीन लैंडफिल स्थलों से कूड़ा हटाया। उन्होंने कहा कि आप निगम के विरूद्ध लगातार झूठ परोस रही है, लेकिन उसकी सरकार ने लैंडफिल स्थलों से कूड़ा हटाने के लिए कोई पैसा नहीं दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)