तिरूवनंतपुरम, दो मई केरल क्रिकेट संघ (केसीए) ने चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये भारतीय टीम से संजू सैमसन के बाहर रहने को लेकर हुए विवाद के सिलसिले में उसके खिलाफ कथित तौर पर झूठे और अपमानजनक बयान देने पर भारत के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत को तीन साल के लिये निलंबित कर दिया है ।
केसीए ने एक बयान में कहा कि यह फैसला 30 अप्रैल को कोच्चि में उसकी आमसभा की विशेष बैठक में लिया गया ।
श्रीसंत ने अपने खिलाफ केसीए की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं पता कि मैंने क्या गलत किया है। ’’
उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल संजू के लिए समर्थन व्यक्त किया था, ‘‘जो हमारे अपने राज्य के हैं। ’’
उन्होंने यहां समाचार चैनलों द्वारा प्रसारित एक वीडियो में कहा, ‘‘मैंने केवल नेकी दिखाई है। मैंने संघ के खिलाफ और कुछ नहीं कहा है। ’’
इस क्रिकेटर ने कहा, ‘‘मैंने केवल इतना कहा था कि अगर संघ के लोग उच्च स्तर पर क्रिकेट खेल होते तो बेहतर होता। ’’
श्रीसंत इस समय केरल क्रिकेट लीग में कोल्लम एरीस टीम के सह मालिक हैं ।
इससे पहले उनके विवादित बयान के सिलसिले में श्रीसंत, कोल्लम टीम, अलपुझा टीम लीड और अलपुझा रिपल्स को कारण बताओ नोटिस जारी किये गए थे ।
बयान में कहा गया ,‘‘ फ्रेंचाइजी टीमों ने नोटिस का संतोषजनक जवाब दे दिया लिहाजा उनके खिलाफ आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई है । लेकिन बैठक में तय किया गया कि टीम प्रबंधन के सदस्यों की नियुक्ति के समय काफी एहतियात बरतने की सलाह दी जायेगी ।’’
इसमें यह भी कहा गया कि संजू सैमसन के पिता सैमसन विश्वनाथ और दो अन्य के खिलाफ संजू सैमसन का नाम लेकर बेबुनियाद आरोप लगाने के लिये मुआवजे का दावा किया जायेगा ।
केसीए ने दो बार के विश्व कप विजेता श्रीसंत को एक मलयालम टीवी चैनल पर परिचर्चा के दौरान सैमसन और केसीए से जुड़ी टिप्पणियों के कारण नोटिस जारी किया ।
केसीए ने बयान में स्पष्ट किया कि नोटिस सैमसन का समर्थन करने के लिये नहीं दिया गया है बल्कि केसीए के खिलाफ भ्रामक और अपमानजनक टिप्पणियां करने पर दिया गया है ।
श्रीसंत ने टीवी पर सैमसन के प्रति कथित तौर पर समर्थन जताते हुए केसीए पर आरोप लगाये थे । उन्होंने सैमसन और केरल के अन्य खिलाड़ियों का बचाव करने की भी बात कही थी ।
उन्होंने यह बयान विजय हजारे ट्रॉफी के लिये केरल टीम से सैमसन को बाहर करने को लेकर केसीए की आलोचना के बीच दिया था । समझा जाता है कि केसीए के इस फैसले से चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये भारतीय टीम के सैमसन के चयन की संभावनाओं पर असर पड़ा ।
शुक्रवार को अपने वीडियो संदेश में श्रीसंत ने कहा कि उन्हें केरल क्रिकेट संघ का अध्यक्ष या सचिव बनने की कोई इच्छा नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि यह वोट का डर है या कुछ और। मुझे नहीं पता कि वास्तव में इस सब के पीछे क्या है। आप केरल के लोग तय कर सकते हैं। हम हमेशा संजू और केसीए के अंतर्गत केरल का प्रतिनिधित्व करने वाले किसी भी खिलाड़ी का समर्थन करेंगे। ’’
मोना
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY