देश की खबरें | कर्नाटक: लक्षद्वीप जा रहा मालवाहक जहाज समुद्र में डूबा, चालक दल के छह सदस्य बचाये गये

मंगलुरु, 16 मई कर्नाटक के मंगलुरु से लक्षद्वीप जा रहा मालवाहक जहाज ‘एमएसवी सलामत’ बुधवार तड़के यहां से लगभग 70 समुद्री मील दूर तेज लहरों में डूब गया हालांकि जहाज के चालक दल के सभी छह सदस्यों को भारतीय तटरक्षक बल ने सफलतापूर्वक बचा लिया। एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी।

विज्ञप्ति के मुताबिक, बुधवार दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर तटरक्षक बल को एक गुजरते हुए जहाज ‘एमटी एपिक सुसुई’ से एक संकटकालीन अलर्ट मिला, जिसमें सूरतकल तट से लगभग 52 समुद्री मील दूर एक छोटी नाव में छह लोगों के फंसे होने की सूचना दी गई थी।

विज्ञप्ति में बताया गया कि क्षेत्र में नियमित गश्त पर तैनात तटरक्षक जहाज विक्रम को राहत एवं बचाव कार्य के लिए तुरंत घटनास्थल की ओर भेज दिया गया।

विज्ञप्ति के मुताबिक, तटरक्षक दल ने मौके पर पहुंच कर तेजी से कार्रवाई कर चालक दल के सभी छह लोगों को छोटी नाव से सुरक्षित निकाल लिया।

विज्ञप्ति में बताया कि ‘एमएसवी सलामत’ 12 मई को मंगलुरु बंदरगाह से लक्षद्वीप के कदमत द्वीप के लिए रवाना हुआ था लेकिन 14 मई को सुबह साढ़े पांच बजे उसमें पानी भरना शुरू हो गया और अंततः वह डूब गया।

विज्ञप्ति के मुताबिक, जहाज सीमेंट और निर्माण सामग्री का मिश्रित माल ले जा रहा था।

जहाज में पानी भरने का वास्तविक कारण अभी ज्ञात नहीं है।

तटरक्षक बल ने बताया कि डूबे जहाज के चालक दल के बचाये गये सदस्यों की पहचान इस्माइल शरीफ, अलेमुन अहमद भाई घावड़ा, काकल सुलेमान इस्माइल, अकबर अब्दुल सुरानी, कसम इस्माइल मेपानी और अज़मल के रूप में हुई है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि इन लोगों ने डूबते जहाज को समय रहते छोड़ दिया था और वह सभी मालवाहक जहाज के डूबने से पहले एक छोटी नाव पर सवार होने में सफल हो गये थे।

विज्ञप्ति के मुताबिक, सभी छह सदस्यों को प्राथमिक उपचार दिया गया और सुरक्षित रूप से न्यू मंगलुरु बंदरगाह पहुंचाया गया, जहां वह सभी 15 मई को पहुंचे।

इस बीच स्थानीय अधिकारी जहाज के डूबने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए चालक दल के सदस्यों से पूछताछ की तैयारी कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)