बेंगलुरु, 27 जून कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह पूर्ववर्ती भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के दौरान हुए बिटकॉइन घोटाले की व्यापक जांच कराएगी।
गृह मंत्री डॉ. परमेश्वर ने संकेत दिया कि इस मामले को आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को सौंपा जा सकता है।
हासन में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि भाजपा सरकार के बिटकॉइन घोटाले समेत सभी घोटालों और अनियमितताओं की जांच करायी जाएगी।
परमेश्वर ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मामले को बंद करने की कोशिश की, लेकिन सरकार इसकी जांच कराएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बेंगलुरु पुलिस आयुक्त ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर इस मामले को जांच के लिए सीआईडी को सौंपने की सिफारिश की है।
इस बीच, पुलिस आयुक्त बी. दयानंद ने कहा कि ऐसा संदेह है कि इस मामले में राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर का नेटवर्क शामिल है।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘चूंकि यह स्पष्ट है कि यह काम उच्च प्रौद्योगिकी पद्धतियों का इस्तेमाल करके किया गया, लिहाजा हमने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर किसी विशेषज्ञ जांच एजेंसी से इसकी उच्च स्तरीय जांच कराने को कहा है।’’
उन्होंने कहा कि एक चरण की जांच हो गयी है तथा कुछ और नेटवर्क की संलिप्तता का पता लगाने के लिए अभी और जांच किए जाने की जरूरत है, क्योंकि कुछ हैकर शामिल थे, जिन्होंने विशेषज्ञता के साथ इसे हैक किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY