बेंगलुरु, 13 अक्टूबर कर्नाटक में सत्ताधारी भाजपा ने राज्य में सिरा और राजराजेश्वरी (आरआर) नगर विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव के वास्ते मंगलवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
वहीं विपक्षी जदएस ने वी कृष्णमूर्ति को शहर की आरआर सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक विज्ञप्ति में कहा कि डॉ. राजेश गौड़ा और एन मुनिरत्ना क्रमश: तुमकुरु जिले में सिरा और आरआर नगर विधानसभा सीटों के लिए तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवार होंगे।
गौड़ा कांग्रेस के पूर्व सांसद सी पी मुदालगिरियप्पा के पुत्र हैं जिन्होंने चित्रदुर्ग लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
यह भी पढ़े | SRH vs CSK, IPL 2020:.
मात्र 10 दिन पहले गौड़ा को भाजपा में शामिल किया गया था जिससे इसको लेकर अटकलें लगने लगी थीं कि उन्हें सिरा सीट से मैदान में उतारा जा सकता है।
वहीं दूसरी ओर मुनिरत्ना 2013 से दो बार आरआर नगर सीट से कांग्रेस के एक विधायक रहे हैं। उन्होंने पिछले वर्ष 16 अन्य कांग्रेसी विधायकों के साथ इस्तीफा दिया था जिससे राज्य में भाजपा सरकार के सत्ता में आने में मदद मिली थी। वह बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे।
मुनिरत्ना के इस्तीफे के चलते ही आरआर नगर सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।
जदएस सूत्रों ने बताया कि कृष्णमूर्ति जिन्हें आर आर नगर सीट से मैदान में उतारा गया है, वह ज्ञानभारती वार्ड से नेता हैं।
जदएस विधायक दल के नेता एच डी कुमारस्वामी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जिन तीन संभावितों को हमने चुना था, उन्होंने विचार-विमर्श किया था, अंततः उन्होंने कृष्णमूर्ति के नाम पर फैसला किया है। उनके पिता एक वफादार पार्टी कार्यकर्ता थे, कृष्णमूर्ति उनके नक्शेकदम पर चल रहे हैं। कल शायद वह पूर्वाह्न 10 बजे के आसपास नामांकन दाखिल करेंगे।’’
कुमारस्वामी ने कहा कि आरआर नगर में कांग्रेस, भाजपा और जद (एस) के बीच एक त्रिकोणीय मुकाबला होगा।
अगस्त में जद (एस) के विधायक बी सत्यनारायण के निधन के बाद सिरा सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गया था। वहीं राजराजेश्वरी नगर (आरआर नगर) सीट पिछले साल कांग्रेस के तत्कालीन विधायक एन मुनिरत्ना को अयोग्य ठहराए जाने के बाद खाली हुई थी।
कांग्रेस ने डी के रवि की पत्नी कुसुमा एच को आर आर नगर से मैदान में उतारा है जिनका मार्च 2015 में उसके उम्मीदवार रहने के दौरान निधन हो गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY