बेंगलुरु, आठ सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को “भ्रष्ट और जनविरोधी” बताते हुए राज्यव्यापी आंदोलन की शुक्रवार को घोषणा की। इसके तहत वह पार्टी के नेताओं के साथ पूरे राज्य की यात्रा करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कांग्रेस सरकार पर सूखे के दौरान किसानों को उनके हाल पर छोड़ने और पानी की कमी का सामना करने के बावजूद पड़ोसी तमिलनाडु को कावेरी नदी का पानी देकर राज्य के हितों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के विरोध में यहां आयोजित एक बैठक में यह बात कही।
येदियुरप्पा ने कहा, “इस किसान विरोधी सरकार के खिलाफ हमारी लड़ाई आज से शुरू हो गई है। हम पिछले सौ दिन से प्रशासन में कुछ सुधार की उम्मीद में इंतजार कर रहे थे, लेकिन वे भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए और जनता की भलाई को पूरी तरह से भूल गए।”
उन्होंने कहा कि आज सभी जिला और तालुका केंद्रों पर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 16 सितंबर को वह अन्य नेताओं के साथ कोलार जिले के कुरुदुमले से यात्रा शुरू करेंगे और राज्य के हर जिले का दौरा करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY