गाजियाबाद (उप्र),17 सितंबर कोविड-19 से संक्रमित हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और उनके अगले चार -पांच दिनों में इस रोग से पूरी तरह से उबर जाने की संभावना है।
यहां सिंह का उपचार कर रहे अस्पताल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सिंह (88) को बुधवार को लखनऊ के संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) से एयर एंबुलेंस के जरिये गाजियाबाद के यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल लाया गया था।
कौशांबी स्थित इस निजी अस्पताल में कोविड-19 के मरीजों का इलाज करने वाली टीम के सदस्य डॉ अंकित सिन्हा ने कहा, ‘‘उनका स्वास्थ्य कल की तुलना में काफी बेहतर है। हृदय, किडनी, मधुमेह सहित अन्य रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक उनकी देखरेख कर रहे हैं क्योंकि उन्हें पहले से कई बीमारियां हैं।’’
यह भी पढ़े | जानिए क्या है भारतीय सेना का ऑपरेशन ‘स्नो लेपर्ड’.
सिन्हा ने कहा, ‘‘दवाइयों से उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उनका सीटी स्कैन भी कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में ज्यादा समस्या नहीं है, जिसके चलते दवाइयों का उन पर अच्छा असर दिख रहा है। यदि ऐसा जारी रहता है तो उनके चार पांच दिनों में पूरी तरह से स्वस्थ हो जाने की उम्मीद है। ’’
टीम के सदस्य एक अन्य सदस्य ने भी कहा कि सिंह को पहले से कई बीमारियां है। लेकिन उनकी क्लीनिकल हालत स्थिर है।
डॉ अर्जुन खन्ना ने कहा, ‘‘सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गये थे लेकिन अच्छी चीज यह है कि उनके फेफड़े में ज्यादा समस्या नहीं आई, जैसा कि सीटी स्कैन में दिख रहा है।’’
सिंह को बुखार, खांसी और सांस लेने में समस्या होने पर सोमवार को एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था तथा उनकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
सिंह, बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में 32 आरोपियों में शामिल हैं। लखनऊ की एक अदालत ने आगामी 30 सितम्बर को इस मामले में फैसला सुनाये जाते वक्त सभी आरोपियों को अदालत में मौजूद रहने को कहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY