देश की खबरें | जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 23 जून को मरम्मत कार्य के लिए बंद रहेगा : अधिकारी

जम्मू, 21 जून मरम्मत और रखरखाव कार्य के चलते जम्मू -श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को यातायात की अनुमति नहीं होगी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घाटी में एक जुलाई से शुरू होने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा की चल रही तैयारियों के बीच रामबन के उपायुक्त मुसर्रत इस्लाम ने राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर ‘यातायात निषिद्ध दिवस’ का परामर्श जारी किया है। यह राजमार्ग कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से सभी मौसमों में जोड़ता है।

तीर्थयात्रियों का पहला जत्था वार्षिक अमरनाथ यात्रा शुरू होने की निर्धारित तारीख से एक दिन पहले 30 जून को यहां जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से कश्मीर के लिए रवाना होगा। पहाड़ में 3880 मीटर की ऊंचाई पर पवित्र अमरनाथ गुफा है।

उपायुक्त कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘ 23 जून राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के लिए ‘यातायात निषिद्ध दिवस’ है। नशरी और बनिहाल सुरंगों के बीच यातायात की अनुमति नहीं होगी ताकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण मरम्मत एवं रखरखाव कार्य तेजी से पूरा कर सके।’’

पिछले करीब 15 दिनों से इस राजमार्ग के यात्री विभिन्न स्थानों खासकर डलवास, कैफटेरिया मोड़, नचलाना जैसे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में भारी यातायात जाम और चिलचिलाती गर्मी की शिकायत कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अधिक माल से लदे हुए एवं अनुपयुक्त पाये जाने वाले बड़े वाहनों को भी राजमार्ग पर नहीं चलने दिया जा रहा है क्योंकि बीच रास्ते में उनके खराब हो जाने से भारी जाम लग जाता है एवं यात्रियों को बहुत असुविधा होती है।

निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि रामबन फ्लाईओवर के बचे हुए 1.06 किलोमीटर हिस्से का काम करीब करीब पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के चालू हो जाने पर रामबन बाजार नहीं जाना पड़ेगा जहां अक्सर जाम लगता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)