देश की खबरें | जम्मू कश्मीर : पुंछ में सेना के वाहन में आग लगने से पांच जवानों की मौत

पुंछ (जम्मू कश्मीर), 20 अप्रैल जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में भीम्बर गली से संगीओत जाते समय वाहन में आग लगने से सेना के पांच जवानों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सेना के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अपराह्न तीन बजे के करीब पुंछ जिले में भीम्बर गली से संगीओत की ओर जाते समय सेना के एक वाहन में आग लग गई।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘इस दुखद घटना में सेना के पांच जवानों की मौत हो गई।’’ उन्होंने कहा कि घटना के बारे में अन्य विवरण का पता लगाया जा रहा है।

कुछ खबरों में कहा गया है कि ‘स्टिकी बम’ या घात लगाकर किए गए हमले की वजह से आग लगी, हालांकि अधिकारियों से इस बारे में प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई।

सेना और पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, जो पुंछ से 90 किलोमीटर दूर है। घटना के फुटेज में जलते ट्रक के बगल में सड़क पर पड़े सैनिकों के अधजले शव दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जिस समय आग लगी उस समय वाहन में कितने जवान थे।

स्थानीय लोग और कुछ सैन्यकर्मी आग बुझाते हुए नजर आए। सूत्रों ने बताया कि सेना और पुलिस मौके पर पहुंची तथा इलाके की घेराबंदी करते हुए राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रूकवा दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)