देश की खबरें | दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के नाम का उपयोग राजनीति के लिए हो रहा है : कांग्रेस नेता वासनिक

वडोदरा (गुजरात), 10 सितंबर ‘इंडिया बनाम भारत’ पर छिड़ी बहस की पृष्ठभूमि में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक ने रविवार को कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग देश के नाम का ‘राजनीतिकरण’ करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी ‘विभाजनकारी’ राजनीति का मुकाबला करेगी।

कांग्रेस के गुजरात प्रभारी वासनिक ने अपने दौरे के दूसरे दिन कहा कि पार्टी हर स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रही है और वरिष्ठ नेता, युवा नेता और पार्टी कार्यकर्ता फिर से उठ खड़े होने की इस कवायद में भाग ले रहे हैं।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘इंडिया और भारत में कोई अंतर नहीं है-- एक अंग्रेजी शब्द है और दूसरा हिंदी शब्द है। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज देश के नाम का उपयोग राजनीतिक उद्देश्यों के लिए हो रहा है। मुझे यकीन है कि देश के लोग बहुत अच्छे से समझ रहे हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है।’’

राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि कुछ लोग देश के नाम का ''राजनीतिकरण'' करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, कांग्रेस उन लोगों का मुकाबला कर रही है जो ‘‘भारत को तोड़ने, समुदायों को विभाजित करने और राजनीति में नफरत पैदा करने’’ की कोशिश कर रहे हैं।

वासनिक ने कहा, ‘‘हम पूरे देश को आश्वासन देते हैं कि भारत को बर्बाद करने के बड़े प्रयासों के बावजूद, कांग्रेस राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में अपनी खोई हुई स्थिति वापस पाने की पूरी कोशिश करेगी।’’

उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा के बारे में भी बात की और दावा किया कि देश भर में इतनी लंबी पदयात्रा पहले कभी नहीं की गई।

वासनिक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और दावा किया कि वह विपक्ष को दरकिनार कर ''भारतीय लोकतंत्र को नयी परि'' देने की कोशिश कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)