विदेश की खबरें | ईरान ने दो यूरोपीय नागरिकों को हिरासत में लिया

एनरिक मोरा की यात्रा के दौराना ही ईरानी खुफिया मंत्रालय ने ऐलान किया कि उसने दो यूरोपीय नागरिकों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा तेहरान वर्ष 2016 से कैद एक ईरानी-स्वीडिश अनुसंधानकर्ता को मौत की सजा देने की धमकी पहले से ही दे रहा है।

इसके अलावा एक ईरानी नागरिक स्वीडन में उम्रकैद की सजा काट रहा है।

ईरान पर लंबे समय से आरोप लगते रहे हैं कि वह गिरफ्तार लोगों का इस्तेमाल पश्चिमी देशों पर दबाव बनाने के लिए करता है। तेहरान इन आरोपों का खंडन करता है। बहरहाल वर्ष 2015 के परमाणु समझौते पर वार्ता प्रक्रिया के दौरान कैदियों की अदला-बदली के तहत अमेरिकी नागरिकों को रिहा किया गया था।

इस बीच ईरान के रेवोल्यूशनरी गार्ड ने पूर्वी इराक में कुर्द बलों के ठिकानों पर बुधवार को कथित रूप से हमला किया।

मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि हिरासत में लिए गए दोनों लोगों की योजना विभिन्न सामाजिक एवं पेशेवर समूहों की नियमित मांगों को ‘‘अराजकता, सामाजिक अव्यवस्था और अस्थिरता में’’ बदलने की थी।

मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि हिरासत में लिए गए लोग किस देश के नागरिक हैं। स्वीडन ने शुक्रवार को कहा था कि पर्यटक के रूप में गए उसके एक नागरिक को ईरान में हिरासत में लिया गया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि क्या वह उन व्यक्तियों में शामिल है, जिनका जिक्र मंत्रालय की घोषणा में किया गया है।

मंत्रालय के बयान में आरोप लगाया गया है कि हिरासत में लिए गए दोनों लोग ‘‘पेशेवर विशेषज्ञ’’ एजेंट हैं, जो एक यूरोपीय देश के खुफिया तंत्र के लिए काम कर रहे थे।

उसने कहा कि मंत्रालय देश में उनके ‘‘आगमन के क्षण’’ से उनका पीछा कर रहा था और ‘‘अवैध काउंसिल ऑफ टीचर्स लीग’’ के साथ उनके संबंधों का दस्तावेजीकरण किया गया है।

ईरान में वेतन संबंधी विवाद को लेकर शिक्षक नियमित प्रदर्शन कर रहे हैं। परमाणु समझौते पर विएना में वार्ता बाधित हो जाने के बाद मोरा ईरान की यात्रा पर आए हैं।

दरअसल ईरान की मांग है कि अमेरिका रेवोल्यूशनरी गार्ड को आतंकवादी संगठनों की सूची से हटाए। ईरान की इसी मांग के कारण वार्ता बाधित हो गई है।

यह समझौत चार साल पहले उस वक्त ध्वस्त हो गया था, जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिका को इससे पीछे हटा लिया था और ईरान पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए था और इस बीच, ईरान ने अपने परमाणु कार्य का व्यापक विस्तार किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)