ठाणे (महाराष्ट्र), 18 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय विधायक संजय केलकर ने उस ऑडियो टेप की जांच कराने की मांग की है जिसमें नगर निकाय का एक अधिकारी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता जितेंद्र अव्हाड के परिवार को कथित धमकी देता सुनाई दे रहा है।
केलकर ने आरोप लगाया कि नगर निकाय शहर में अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने में असफल रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि ठाणे नगर निगम के कई अधिकारियों को ‘‘ अज्ञात लोगों की शह’’ मिली हुई है।
विधायक ने कहा कि उन्होंने अवैध ढांचों का मुद्दा ठाणे नगर निगम प्रशासन के समक्ष कई बार उठाया, यहां तक विधानसभा में अपनी बात रखी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि यह सरकार के लिए कसौटी का सवाल है कि वह कथित ऑडियो टेप और ‘ऐसे अधिकारियों की पृष्ठभूमि’’ की जांच कराए।
उन्होंने वर्ष 2013 में मुंब्रा में निर्माणाधीन इमारत के गिरने का भी हवाला दिया जिसमें 74 लोगों की जान गई थी और 60 से अधिक घायल हुए थे।
ठाणे के सहायक नगर आयुक्त महेश अहीर की हाल में राकांपा कार्यकर्ताओं ने ऑडियो क्लिप प्रसारित होने के बाद पिटाई की थी। ऑडियो क्लिप में अहीर कथित तौर पर धमकी देते सुनाई दे रहे हैं। इस मामले में अव्हाड और छह अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मामले में अंतरिम अग्रिम जमानत पा चुके अव्हाड ने कहा कि उनके परिवार को मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद अबतक सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘अगर मेरे परिवार के सदस्यों को कुछ हो जाता है तो कौन जिम्मेदार होगा।’’
मुंब्रा-कलावा से विधायक अव्हाड ने वर्ष 2021 में शहर के कांग्रेस नेता विक्रांत चव्हाण की शिकायत का हवाला दिया है जिसमें उन्होंने ‘बाबाजी’ नामक व्यक्ति से धमकी मिलने की बात कही थी और इस मामले में भी उसका नाम आ रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर चव्हाण की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की होती तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY