देश की खबरें | अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: 21 हजार से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, बघेल नहीं आ सके

रायपुर, 21 जून छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 'हर घर आंगन योग' के संदेश के साथ 21 हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अस्वस्थ होने के कारण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया।

अधिकारियों ने बताया कि 'हर घर आंगन योग' के संदेश के साथ आज विश्व योग दिवस के अवसर पर यहां जोरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं सहित 21 हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में हिस्सा लेना था लेकिन अस्वस्थ होने के कारण वह नहीं आ सके।

बघेल ने अपने ट्वीटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा है, ''आप सब जानते हैं कि मैं प्रतिदिन योग करता हूँ। सभी साथियों की तरह प्रतिवर्ष मैं भी योग दिवस पर अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इस अभियान का हिस्सा बनता हूँ। लेकिन इस बार थोड़ी अस्वस्थता के कारण योग नहीं कर पा रहा हूँ, इसलिए आज की तस्वीर भी साझा नहीं कर पा रहा हूँ। ठीक होते ही मैं पुनः योग शुरू करूँगा।''

मुख्यमंत्री ने लिखा है, ''आप सब प्रतिदिन योग करें, योग को अपनी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाएँ।'' मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पिछले वर्ष योगाभ्यास की तस्वीर साझा किया है।

अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने कहा,‘‘ योग हमें कई बीमारियों से मुक्त कर शरीर को निरोगी बनाता है। छत्तीसगढ़ में योग का वातावरण बना है। लोग पहले से ज्यादा जागरूक हुए हैं और योग कर रहे हैं। स्वस्थ दिनचर्या की दिशा में लोग आगे बढ़ रहे हैं। आज हर वर्ग के लोग योग कर रहे हैं।’’

शर्मा ने आह्वान किया कि स्वस्थ जीवन शैली के लिए योग अपनाएं और जन-जन तक योग के महत्व को प्रचारित करें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)