देश की खबरें | पटनायक अधिकारियों को ओडिशा में पीएम श्री स्कूल की स्थापना के लिए करार करने का निर्देश दें : प्रधान

भुवनेश्वर, 15 नवंबर केंद्र की ‘पीएम श्री’ योजना पर ओडिशा सरकार से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से आग्रह किया कि वे संबंधित अधिकारियों को राज्य में योजना के तहत विद्यालयों की स्थापना के लिए केंद्र के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के लिए कहें।

पीएम श्री योजना के तहत केंद्र विभिन्न राज्यों में आधुनिक विद्यालयों की स्थापना के लिए सहायता प्रदान करता है।

प्रधान ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि ‘पीएम श्री’ योजना सात सितंबर, 2022 को देश भर में 14,500 से अधिक विद्यालय स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि ये स्कूल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के सभी घटकों का समावेश करेंगे और न्यायसंगत, समावेशी और आनंदमय वातावरण में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करेंगे।

प्रधान ने कहा, ‘‘अब तक, अधिकांश विद्यालयों और केंद्र शासित प्रदेशों ने एमओयू पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और विद्यालयों के चयन का पहला चरण पूरा हो चुका है। पीएम श्री विद्यालयों की योजना को लागू करने के लिए पहली किस्त भी जारी कर दी गई है और विद्यालयों के चयन का दूसरा चरण चल रहा है।’’

प्रधान ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में इस विषय पर 13 मार्च 2023 और नौ अक्टूबर, 2023 लिखे अपने पत्रों को संलग्न करते हुए कहा कि ओडिशा ने अभी तक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर नहीं किया है जबकि वह इस संबंध में राज्य को कई पत्र लिख चुके हैं।

उन्होंने पटनायक को लिखे पत्र में कहा, ‘‘इसलिए, मैं आपसे फिर से अनुरोध करूंगा कि स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय के साथ पीएम श्री योजना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)