चंडीगढ़, 27 जून इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने अमेरिका में अधिकारियों को पत्र लिखकर उस देश में शरण लेने के लिए लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे पार्टी के जाली ‘लेटरहेड’ के बारे में आगाह किया है।
अमेरिकी न्याय विभाग को लिखे एक पत्र में इनेलो के सचिव नछत्तर सिंह मल्हान ने कहा कि पार्टी कार्यालय ने केवल दो लोगों के लिए ‘‘शरण दस्तावेज’’ जारी किए हैं। पत्र में कहा गया है कि अन्य लोगों से संबंधित सभी दस्तावेज फर्जी हैं।
मल्हान ने मंगलवार को कहा कि पार्टी को हाल में पता चला है कि कुछ लोग अमेरिका में शरण चाहने वालों को पत्र जारी करने के लिए उसके ‘लेटरहेड’ के नाम पर फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। इन पत्रों में भारत में उनके जीवन को ‘‘खतरा होने’’ का हवाला दिया गया था। इनेलो नेता ने कहा कि उन्होंने इस मामले को वाशिंगटन में न्याय विभाग के संज्ञान में लाया है।
न्याय विभाग को लिखे पत्र में कहा गया है, ‘‘यह आपके संज्ञान में लाया जाता है कि हरियाणा (भारत) के कई लोग अमेरिका में शरण पाने के लिए जाली दस्तावेज जमा कर रहे हैं।’’
पत्र में आगाह किया गया, ‘‘वे बिना किसी वैध दस्तावेज के अमेरिका में रह रहे हैं और आपके देश की नागरिकता पाने के लिए, उन्होंने इंडियन नेशनल लोकदल के नाम पर जाली दस्तावेज तैयार किए हैं, जो हरियाणा (भारत) की एक क्षेत्रीय पार्टी है।’’
उन्होंने कहा कि कुछ शरारती लोग पैसे के बदले जाली दस्तावेज तैयार करते हैं और फिर इन्हें न्याय विभाग को सौंप दिया जाता है। पत्र में मल्हान ने अमेरिकी अधिकारियों से शरण चाहने वालों द्वारा इनेलो के नाम पर जमा किए गए दस्तावेजों को पार्टी द्वारा सत्यापित कराने का भी अनुरोध किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY