नयी दिल्ली, 28 अगस्त पीएम गति शक्ति पहल के तहत चालू वित्त वर्ष में अबतक विभिन्न मंत्रालयों की 5.89 लाख करोड़ रुपये मूल्य की 100 परियोजनाओं की अनुशंसा की जा चुकी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इन परियोजनाओं की अनुशंसा पीएम गति शक्ति पहल के तहत गठित 'नेटवर्क नियोजन समूह' (एनपीजी) ने की है।
उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग (डीपीआईआईटी) की विशेष सचिव (लॉजिस्टिक) सुमिता डावरा ने कहा कि एनपीजी ने 54 बैठकों में 100 ढांचागत परियोजनाओं को मंजूरी के लिए अनुशंसा दी है।
इस अंतर-मंत्रालयी समूह की हर पखवाड़े बैठक होती है जिसमें ढांचागत विकास से जुड़ी परियोजनाओं के बारे में विचार किया जाता है। एनपीजी के जरिये 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश वाली परियोजनाओं की अनुशंसा की जाती है।
डावरा ने कहा कि इस समूह से संस्तुत सर्वाधिक परियोजनाएं सड़क, रेल एवं शहरी विकास से संबंधित हैं। इनमें 3.65 लाख करोड़ रुपये मूल्य की 40 सड़क परियोजनाएं, 95,704 करोड़ रुपये मूल्य की 40 रेल परियोजनाएं और 79,016 करोड़ रुपये मूल्य की आठ शहरी विकास परियोजनाएं शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY