देश की खबरें | इंडिगो डॉक्टरों, नर्सों को साल के अंत तक किराये पर 25 फीसदी की छूट देगी

नयी दिल्ली, दो जुलाई इंडिगो ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 2020 के अंत तक डॉक्टरों और नर्सों को हवाई किराये पर 25 प्रतिशत की छूट देगी, क्योंकि ये कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे हैं।

एयरलाइन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘नर्सों और डॉक्टरों को चेक-इन के समय अपनी पहचान के सबूत के तौर पर अस्पताल की वैध आईडी दिखानी होगी।’’

यह भी पढ़े | केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को किया सूचित, कहा- विदेशी तबलीगियों पर आपराधिक मामलों तक उन्हें उनके देश भेजने का सवाल नहीं.

उसने कहा, ‘‘इंडिगो की वेबसाइट से टिकट बुक कराते समय छूट दी जाएगी। यह छूट एक जुलाई 2020 से 31 दिसंबर 2020 तक यात्रा के लिए दी जाएगी।’’

करीब दो महीने के बाद 25 मई को बहाल हुई घरेलू उड़ानों में यात्रियों की संख्या कम बनी हुई है।

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र: कोरोना महामारी के बीच मंत्री विजय वडेट्टीवार का बड़ा आरोप, कहा- केंद्र से राज्य सरकार को नहीं मिला कोई फंड.

नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बृहस्पतिवार को टि्वटर पर कहा कि एक जुलाई को 71,471 यात्रियों ने 785 विमानों में यात्रा की। इसका मतलब है कि औसत के अनुसार बुधवार को एक विमान में 91 यात्रियों ने सफर किया। चूंकि आम तौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले ए320 विमान में करीब 180 सीटें होती हैं तो एक जुलाई को यात्रियों की संख्या महज 50 प्रतिशत के आसपास रही।

इंडिगो ने इस योजना को ‘‘टफ कुकी’’ अभियान का नाम दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)