देश की खबरें | भारतीय नौसेना ने योग दिवस पर ‘योग की सागर मुद्रिका’ रचना बनाई

नयी दिल्ली, 21 जून हिंद महासागर क्षेत्र में तैनात नौसेना के जहाज मित्र देशों के बंदरगाहों का दौरा कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ‘योग सागर मुद्रिका’ बनाकर ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का संदेश फैला रहे हैं। भारतीय नौसेना ने बुधवार को यह जानकारी दी।

योग दिवस कार्यक्रम और गतिविधियां भारतीय नौसैनिक जहाजों पर आयोजित की जा रही हैं, जिनमें किल्टन, चेन्नई, शिवालिक, सुनयना, त्रिशूल, तरकश, वागीर, सुमित्रा और ब्रह्मपुत्र शामिल हैं - ये सभी हिंद महासागर क्षेत्र में तैनात हैं।

भारतीय नौसैनिक जहाजों द्वारा बंदरगाहों पर ठहराव में बांग्लादेश में चटगांव, मिस्र में सफागा, इंडोनेशिया में जकार्ता, केन्या में मोम्बासा, मेडागास्कर में टोमासीना, ओमान में मस्कट, श्रीलंका में कोलंबो, थाईलैंड में फुकेत और संयुक्त अरब अमीरात में दुबई शामिल हैं, जहां योग सत्र “सामान्य योग प्रोटोकॉल” के अनुसार आयोजित किए जा रहे हैं।

भारतीय नौसेना ने कहा, नौसेना के 19 जहाजों पर सवार लगभग 3,500 नौसैनिकों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों जल क्षेत्रों में योग के दूत के रूप में 35,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की है।

इसमें विदेशी बंदरगाहों या अंतरराष्ट्रीय जल में 11 नौसैनिक जहाजों पर 2,400 से अधिक कर्मचारी शामिल हैं।

भारत के विदेशी मिशनों के साथ मिलकर कई विदेशी नौसेनाओं के जहाजों पर भी योग दिवस समारोह मनाया जा रहा है, जिसमें 1,200 से अधिक विदेशी नौसेना कर्मी शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)