देश की खबरें | इंडियन स्वच्छता लीग : अभिनव बिंद्रा, शंकर महादेवन पर्यटन स्थलों की सफाई अभियान में शामिल होंगे

नयी दिल्ली, 16 सितंबर गायक शंकर महादेवन, ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा और अभिनेत्री किरण खेर सहित जानी मानी हस्तियां ‘इंडियन स्वच्छता लीग’ के तहत समुद्र तटों, पहाड़ों और पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई के लिए भारत की प्रथम युवा नीत अंतर-शहर प्रतिस्पर्धा में शामिल होंगी।

शुक्रवार को एक सरकारी बयान में कहा गया कि लीग केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अंतर्गत उनके शहरों को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू करेगा। लीग का आयोजन शनिवार को किया जाएगा।

क्रिकेटर वेंकटेश अय्यर ‘इंक्रेडीबल इंदौरीज’, महादेवन ‘नवी मुंबई इको नाइट्स’, किरण खेर, गायक बी प्राक और बिंद्रा ‘चंडीगढ़ चैलेंजर्स’ से जुड़े हुए हैं। वे समुद्र तटों, पहाड़ों और पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई के लिए अभियान में शामिल होंगे।

बयान में यह भी कहा गया है कि स्थानीय नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, मेयर, पार्षदों को भी विभिन्न गतिविधियों को शुरू करने के कार्य में लगाया जाएगा।

ये दल स्मारकों, पर्यटन केंद्रों और पर्यटकों की अधिक संख्या वाले समुद्री तटों की साफ-सफाई करने की प्रतिस्पर्धा में शामिल होंगे।

इन स्थानों में, बिहार के गया में विष्णुपद, सीताकुंड, अक्षयवट ;उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजगंज, फतेहपुर सीकरी में बुलंद दरवाजा, लखनऊ में लालबाग, वाराणसी में अस्सी घाट ; गुजरात में गोमती नदी, साबरमती रिवर फ्रंट पर अटल ब्रिज, गांधीनगर में गांधी आश्रम, सरदार पटेल की प्रतिमा शामिल हैं।

इसके अलावा, इन स्थानों में महाराष्ट्र में वर्ली किला; मध्य प्रदेश के इंदौर में मेघदूत गार्डन तथा महाराष्ट्र के लोनावला में खंडाला झील भी शामिल किये गये हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)