नयी दिल्ली, सात जुलाई संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किए जाने के बाद भारत वैश्विक संकट समाधान समूह (जीसीआरजी) के ‘‘चैंपियंस ग्रुप’’ में शामिल हो गया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस ने खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा चुनौतियों जैसे तत्काल और महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों के समाधान के लिए पिछले साल मार्च में जीसीआरजी की स्थापना की थी।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "भारत संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिए गए निमंत्रण को स्वीकार करते हुए वैश्विक संकट समाधान समूह के चैंपियंस ग्रुप में शामिल हो गया है।"
चैंपियंस ग्रुप जीसीआरजी की देखरेख करता है और इसमें बांग्लादेश, बारबाडोस, डेनमार्क, जर्मनी, इंडोनेशिया और सेनेगल के राष्ट्राध्यक्ष एवं शासनाध्यक्ष शामिल हैं।
बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा, "समूह में शामिल होने का निर्णय भारत के बढ़ते वैश्विक नेतृत्व और मौजूदा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"
इसमें कहा गया है, "भारत की भागीदारी से विश्व, विशेषकर विकासशील देशों को प्रभावित करने वाले विकासात्मक मुद्दों पर परिणामोन्मुखी समाधान खोजने में संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों को और बल मिलेगा।"
विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) संजय वर्मा को जीसीआरजी प्रक्रिया के लिए ‘‘शेरपा’’ नामित किया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ‘‘शेरपा’’ की शुक्रवार को ऑनलाइन बैठक होगी और चैंपियंस समूह की बैठक 21 जुलाई को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY