पणजी, 21 जुलाई केंद्रीय मंत्री आर के सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारत ने कुल ऊर्जा उत्पादन का 43.6 प्रतिशत स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों के जरिए हासिल करने का लक्ष्य तय समय से नौ साल पहले हासिल कर लिया है।
बिजली और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री ने गोवा में जी20 की 14वीं स्वच्छ ऊर्जा मंत्रिस्तरीय बैठक और 8वीं मिशन इनोवेशन बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा, ''भारत ने अपनी कुल ऊर्जा उत्पादन का 43.6 प्रतिशत स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों के जरिए हासिल करने का लक्ष्य पहले ही हासिल कर लिया है।''
सिंह कहा कि देश ने इसके लिए 2030 के अपने तय समय से नौ साल पहले ही यह उपलब्धि हासिल कर ली है।
हरित ऊर्जा स्रोतों के जरिए भारत की स्थापित बिजली क्षमता 183 गीगावॉट (एक गीगावॉट बराकर 1,000 मेगावॉट) है, जबकि कुल उत्पादन क्षमता 421 गीगावॉट है।
उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा स्रोतों से 88 गीगावॉट क्षमता निर्माणाधीन है, जबकि 55 गीगावॉट की निविदा जारी की गई है। इसे मिला लें तो कुल क्षमता लगभग 270 गीगावॉट पहुंच जाएगी। यह हमारी क्षमता के 50 प्रतिशत से अधिक है।
सिंह ने कहा कि भारत हर साल 50 गीगावॉट क्षमता जोड़ेगा।
उन्होंने कहा कि भारत में प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन दुनिया में सबसे कम है। ‘‘हमारा उत्सर्जन 2.29 टन प्रति व्यक्ति सालाना है। जबकि वैश्विक औसत करीब 6.3 टन है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY