देश की खबरें | भारत बंद: किसानों ने पंजाब, हरियाणा में राजमार्गों, सड़कों को रोका; रेल सेवाएं प्रभावित

नयी दिल्ली/चंडीगढ़, 26 मार्च केंद्र सरकार के तीन नये कृषि कानूनों के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन के तहत शुक्रवार को किसानों द्वारा आहूत भारत बंद के दौरान पंजाब और हरियाणा में सड़क और रेल यातायात अवरुद्ध रहा, वहीं देश के अन्य हिस्सों में बंद का आंशिक असर दिखाई दिया।

किसानों ने पंजाब और हरियाणा में अनेक स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्गों एवं अन्य प्रमुख मार्गों को अवरुद्ध किया। उन्होंने दोनों राज्यों में कई जगहों पर रेलवे पटरियों को रोका।

कई किसान संगठनों के प्रमुख समूह संयुक्त किसान मोर्चा ने दिल्ली की तीन सीमाओं- टीकरी, गाजीपुर और सिंघू पर किसान आंदोलन के चार महीने होने के मौके पर शुक्रवार को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक बंद का आह्वान किया था।

रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि चार शताब्दी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया, 35 अन्य यात्री गाड़ियों को रोक दिया गया तथा 40 मालगाड़ियों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

रेलवे के दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर मंडलों के तहत पड़ने वाले 44 स्थानों पर रेल यातायात बाधित हुआ।

उत्तर प्रदेश के बलिया में सिकंदरपुर कस्बे में प्रदर्शन कर रहे भाकपा (माले) के करीब 20 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।

दिल्ली में बंद का मामूली असर दिखाई दिया। कनॉट प्लेस, करोल बाग, कश्मीरी गेट, चांदनी चौक और सदर बाजार खुले रहे।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) को कुछ समय के लिए टीकरी बॉर्डर, बहादुरगढ़ सिटी तथा ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने पड़े, लेकिन कुछ समय बाद स्टेशनों को यात्रियों के लिए खोल दिया गया।

एक किसान नेता ने दावा किया कि मायापुरी तथा कुछ अन्य इलाकों में लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।

संयुक्त किसान मोर्चा ने दावा किया कि अनेक किसान संगठनों, ट्रेड यूनियनों, छात्र संगठनों, बार संघों, राजनीतिक दलों और राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों ने बंद का समर्थन किया।

देश के बाकी हिस्सों में बंद का आंशिक असर दिखाई दिया।

पंजाब में कुछ स्थानों पर दुकानें बंद रहीं। हरियाणा में भी कुछ जगहों पर बंद के समर्थन में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

पंजाब में सरकारी और निजी परिवहन सेवाएं ठप रहीं।

हरियाणा में प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि हरियाणा रोडवेज की बस सेवाएं उन जिलों में निलंबित रहेंगी, जहां किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर इनका परिचालन सही नहीं माना जा रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)