देश की खबरें | भारत और केन्या ने रक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई

नयी दिल्ली, 29 अगस्त गोवा शिपयार्ड लिमिटेड ने भारत और केन्या के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग को दर्शाते हुए मंगलवार को जहाज डिजाइन एवं निर्माण में संयुक्त सहयोग के लिए केन्या शिपयार्ड लिमिटेड के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केन्या के कैबिनेट रक्षा सचिव अदन बेयर डुएले को केन्याई सशस्त्र बलों के उपयोग के लिए ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड द्वारा निर्मित 15 जोड़ी पैराशूट प्रदान किए।

सिंह ने डुएले के साथ व्यापक वार्ता के बाद उन्हें पैराशूट भेंट किए।

रक्षा मंत्रालय ने कहा, "यह बैठक भारत-केन्या रक्षा साझेदारी के प्रगाढ़ होने का प्रमाण है।"

मंत्रालय ने कहा, "दोनों मंत्रियों ने इस बात पर सहमति जताई कि दोनों देशों के बीच रक्षा संबंध प्रशिक्षण पर केंद्रित होने से अधिक सामरिक पहलुओं को शामिल करने के लिए विकसित हुए हैं।"

डुएले इस समय भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बातचीत के दौरान इस बात को रेखांकित किया कि भारत अफ्रीकी देशों के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से, भारत और केन्या के बीच संबंध बेहद मजबूत हो रहे हैं।

दोनों मंत्रियों ने हिंद महासागर क्षेत्र की समुद्री सुरक्षा में और अधिक सहयोग की आवश्यकता पर भी सहमति व्यक्त की।

मंत्रालय ने कहा, “दोनों पक्षों ने क्षमता निर्माण और रक्षा उद्योग तथा उपकरणों में सहयोग पर भी विस्तार से चर्चा की। क्षमता निर्माण के क्षेत्र में और जहाज डिजाइन और निर्माण में सहयोग के लिए गोवा शिपयार्ड लिमिटेड और केन्या शिपयार्ड लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)