नयी दिल्ली, छह जनवरी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि पार्टी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ इसलिए निकाल रही है क्योंकि सरकार ने उसे संसद में लोगों के मुद्दे उठाने का मौका नहीं दिया और इस पहल का उद्देश्य संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को फिर से स्थापित करना है।
राहुल गांधी की अगुवाई में होने वाली मणिपुर-मुंबई यात्रा के ‘लोगो’ का अनावरण करने के दौरान संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए खरगे ने हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा नहीं करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर प्रहार किया। खरगे ने कहा कि उनके पास समुद्र तटों और उन स्थानों पर ‘फोटो शूट’ करने के लिए समय है जहां मंदिरों का निर्माण किया जा रहा है लेकिन पूर्वोत्तर राज्य की पीड़ा के लिए उनके पास समय नहीं है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर विपक्षी नेताओं को धमकाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया और कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘एक बड़ी ड्राई क्लीन फैक्टरी चला रहे हैं जहां सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने के बाद हर दागी नेता साफ, शुद्ध सफेद’ होकर निकलता है।
खरगे ने सवाल किया, ‘‘मणिपुर में दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुईं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के पास समुद्र तट पर तैराकी के फोटो शूट करने... उन जगहों पर जहां मंदिरों का निर्माण किया जा रहा है... वहां के लिए समय है, केरल में... हर जगह से आप उनकी तस्वीर देख सकते हैं। लेकिन ये ‘महापुरुष’ मणिपुर क्यों नहीं गए जहां लोग मर रहे हैं, महिलाओं के साथ बलात्कार हो रहा है, लोग ठंड से मर रहे हैं। क्या यह देश का हिस्सा नहीं है?’’
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश और के सी वेणुगोपाल की मौजूदगी में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आप लक्षद्वीप जाते हैं, आप मणिपुर जाकर लोगों से बात क्यों नहीं कर सकते? प्रधानमंत्री ने कहा कि वह विपक्ष के लिए अकेले ही काफी हैं, लेकिन फिर उन्हें मणिपुर जाना चाहिए... वहां के लोगों से बात कीजिए।’’
उन्होंने कहा कि इसलिए यात्रा का उद्देश्य मुद्दों के बारे में जन जागरूकता पैदा करना है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने संसद में मुद्दे उठाने की कोशिश की लेकिन सरकार ने हमें ऐसा नहीं करने दिया। भारत के इतिहास में पहली बार 146 विपक्षी सांसदों को निलंबित किया गया। 28 दल जिन मुद्दों को उठाना चाहते थे, उन्हें ऐसा नहीं करने दिया गया। प्रधानमंत्री संसद में (हमारी बात सुनने के लिए) नहीं आए और सत्र समाप्त हो गया। हम लोगों को मुद्दों के बारे में बताने जा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। यह मंच सिर्फ अपनी बात रखने के लिए नहीं है बल्कि लोगों की समस्याएं सुनने के लिए भी है।’’
खरगे ने नए श्रम कानूनों और आपराधिक कानूनों को लाने के लिए सरकार की आलोचना की और कहा कि इस तरह के कानून लाना तानाशाही का संकेत है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इस यात्रा का उद्देश्य संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित चार स्तंभों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को बचाना और उन्हें पुन:स्थापित करना है।’’
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने यह यात्रा शुरू करके एक बड़ा कदम उठाया है और इस लड़ाई में पूरी पार्टी उनके साथ है।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम फिर आ रहे हैं अपनों के बीच, अन्याय और अहंकार के विरुद्ध - ‘न्याय की ललकार’ लेकर। सत्य के इस पथ पर मेरी शपथ है, यात्रा जारी रहेगी, न्याय का हक़, मिलने तक।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘हर पीड़ित को न्याय, हर वंचित को हक। 14 जनवरी से मणिपुर से मुंबई तक। भारत जोड़ो न्याय यात्रा। न्याय का हक मिलने तक।’’
खरगे ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं और नागरिक संस्थाओं के सदस्यों को भी मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
चुनावी लाभ के बारे में पूछे जाने पर खरगे ने कहा कि पार्टी का काम लोगों को न्याय दिलाना है और इसके लिए उसे सीटों की गिनती करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें लोगों को जागरूक करना होगा कि सरकार क्या कर रही है, वोट देना या नहीं देना लोगों पर निर्भर करता है। हम लोगों का दर्द बांटने जा रहे हैं।’’
खरगे ने कहा कि यात्रा के माध्यम से पार्टी लोगों के बुनियादी सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान आर्थिक असमानता, जातिगत जनगणना, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का ‘लोगो’ और नारा ‘न्याय का हक, मिलने तक’ भी जारी किया।
खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को डरा रही है।
उन्होंने उन लोगों को पार्टी (भाजपा) में शामिल करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि शाह के पास एक बड़ी ड्राई क्लीन फैक्टरी है, जहां हर दागी नेता साफ, शुद्ध सफेद निकलता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नेताओं को कांग्रेस में रहते हुए दागी माना जाता है, वे भाजपा में शामिल होने के बाद पाक-साफ हो जाते हैं।
रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि देश के ज्यादातर लोग हताश और निराश हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘नौकरियों का अकाल है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई और असमानता चरम पर है। जनता के साथ अन्याय हो रहा है। इसी अन्याय के ख़िलाफ़ राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू होने जा रही है मणिपुर से मुंबई तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘युवा, किसान, महिला, दलित, आदिवासी और पिछड़ों के हक़ में न्याय की आवाज़ उठाने के लिए आप सभी यात्रा से जुड़ें।’’
इस साल के आम चुनावों से पहले आयोजित की जा रही यात्रा 66 दिनों में 110 जिलों, 100 लोकसभा सीट और 337 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY