मेरठ,10 मार्च उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद की सात सीटों में से मेरठ कैंट, मेरठ दक्षिण और हस्तिनापुर पर भाजपा ने अपना कब्जा बनाए रखा। वहीं, सिवालखास, किठौर, सरधना और शहर सीट पर सपा-रालोद गठबंधन ने जीत दर्ज की।
सरधना विधानसभा सीट से सपा-रालोद गठबंधन के अतुल प्रधान ने भाजपा उम्मीदवार संगीत सोम को हरा दिया है। पूर्व मंत्री व सपा प्रत्याशी शाहिद मंजूर किठौर से चुनाव जीत गए हैं। शहर सीट पर सपा ने कब्जा बनाए रखा जबकि सरधना, सिवालखास और किठौर सीट भाजपा ने गंवाई हैं।
इस तरह मेरठ की सात विधानसभा सीटों में से सपा गठबंधन ने चार सीटों पर जीत दर्ज की जबकि भाजपा की झोली में तीन सीटें गईं। पिछले विधानसभा चुनाव में सात विधानसभा सीटों में से सपा मात्र एक ही शहर सीट जीत पायी थी।
सरधना सीट को भाजपा का गढ़ भी माना जाता है और इसी सीट पर भाजपा विधायक संगीत सोम ने वर्ष 2012 और 2017 में इस बार के विजेता अतुल प्रधान को हराकर जीत हासिल की थी। सरधना सीट पर ऐसा पहली बार हुआ है जब सपा का कोई प्रत्याशी जीता है।
जिला चुनाव अधिकारी के अनुसार, सपा के अतुल प्रधान को 1,18,573 वोट मिले जबकि भाजपा के संगीत सोम को 1,00,373 वोट मिले।
वहीं, जिले की हस्तिनापुर सीट से भाजपा उम्मीदवार दिनेश खटीक ने लगातार दूसरी बार चुनावी मैदान में बाजी मारी है। दिनेश खटीक को 1,06,049 मत मिले जबकि गठबंधन के प्रत्याशी योगेश को 99,305 और बसपा के संजीव कुमार को 13,863 मत मिले।
सिवालखास में रालोद के गुलाम मोहम्मद ने भाजपा के मनिंदर पाल को 9,495 मतों से हराया। भाजपा के मेरठ कैंट प्रत्याशी अमित अग्रवाल ने करीब एक लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज कराते हुए सपा प्रत्याशी मनीषा अहलावत को हराया है।
इसी तरह, मेरठ शहर विधानसभा सीट पर सपा गठबंधन प्रत्याशी रफीक अंसारी ने भी करीब 26 हजार वोटों से भाजपा प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा को हराया। किठौर विधानसभा सीट पर सपा गठबंधन प्रत्याशी पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर ने भी भाजपा प्रत्याशी सत्यवीर त्यागी को करीब दो हजार वोटों से हरा दिया।
उधर, मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी डॉ सोमेंद्र तोमर ने सपा गठबंधन उम्मीदवार आदिल चौधरी को करीब साढ़े सात हजार वोटों से हराया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY